• Wed. Sep 16th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

नोएडा: 11 हजार केवी लाइन का तार टूटकर गिरा, पांच लोग झुलसे

नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र के छिजारसी में बुधवार शाम हाईटेंशन बिजली लाइन का तार टूटकर सड़क पर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। करंट की चपेट में आने से पांच लोग झुलस गए, जबकि एक स्कूटी में आग लग गई। घायलों को आसपास के लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-63 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। सेंट्रल नोएडा के एडीसीपी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 11 हजार केवी बिजली लाइन का तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे लोग करंट की चपेट में आ गए। हादसे में स्कूटी भी आग की लपटों में घिर गई।

घायलों की पहचान निधि (15), प्रिया (17), मुकेश राम (38), पवित्र (41) और रवि चौधरी के रूप में हुई है। इनमें रवि चौधरी गंभीर रूप से झुलसे हैं, जबकि अन्य चार घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तार गिरते ही तेज चिंगारी निकली और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और पुलिस व बिजली विभाग को सूचना दी।घटना के बाद लोगों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि समय पर बिजली लाइनों का रखरखाव नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और क्षेत्र की सभी हाईटेंशन लाइनों की जांच कराने की मांग की।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )