• Tue. Sep 22nd, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कोतवाली में खड़े लावारिस वाहनों की नीलामी, पुलिस को मिली राहत

Report By: Amit Rana

ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कोतवाली परिसर में शनिवार को लंबे समय से जप्त हालत में खड़े 118 वाहनों की नीलामी की गई। इनमें ज्यादातर गाड़ियां चोरी, दुर्घटना या बिना दस्तावेज़ों के पकड़ी गई थीं, जिन्हें वर्षों से उनके मालिकों द्वारा न तो लिया गया और न ही कोई दावा किया गया।

पुलिस प्रशासन द्वारा इन वाहनों को लेकर समय-समय पर नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन जब कोई दावेदार सामने नहीं आया तो कानूनी प्रक्रिया के तहत इन गाड़ियों को कबाड़ के रूप में घोषित करते हुए नीलामी की गई।

इस नीलामी में दोपहिया और चारपहिया दोनों तरह के वाहन शामिल थे। पुलिस अधिकारियों की निगरानी में यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई। नीलामी से न केवल प्रशासन को आर्थिक लाभ प्राप्त हुआ, बल्कि थाना परिसर में वर्षों से जमा हो रहे वाहनों से जगह भी खाली हुई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इन लावारिस गाड़ियों की वजह से थाने में अव्यवस्था फैल रही थी और कई बार बरसात में इनमें पानी भरने से मच्छर आदि की समस्या भी खड़ी हो जाती थी। अब नीलामी के बाद न केवल परिसर साफ हुआ है, बल्कि जो भी कानूनी रूप से जरूरी था, उसे पूरा कर लिया गया है।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में भी यदि कोई वाहन मालिक तय समय सीमा में थाने में खड़ी अपनी गाड़ी लेने नहीं आएगा, तो ऐसे वाहनों के खिलाफ भी नीलामी की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि यदि किसी की गाड़ी जप्त है, तो समय पर संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज़ों के साथ उसे छुड़ा लें।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)