Report By : ICN Network (Noida UP)
नोएडा में रह रहे लोग कुत्तों से परेशान हैं। आए दिन किसी न किसी सोसाइटी से ये खबर सुनने को मिल ही जाती है कि कुत्ते ने लोगों पर हमला कर दिया है। इसी क्रम में एक बार फिर ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर सिटी 2 स्थित गैलेक्सी रॉयल सोसाइटी में एक पालतू जर्मन शेफर्ड कुत्ते ने एक महिला पर हमला कर दिया। कुत्ते ने हमला तब किया जब महिला 18वें फ्लोर पर काम करने जा रही थी। कुत्ते ने मेड के हाथ में इतने बुरे तरीके से काटा है कि उसके हाथ पर कई जगह गहरा जख़्म हो गया। हाथ से मांस निकल आया है। फिलहाल महिला को इलाज के लिए गौर सिटी के सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं इस मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस कार्रवाई करने में जुट गई है।
बिसरख थाने में शिकायत दर्ज
बता दें महिला के पति नवीन कुमार ने बिसरख थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया है कि उसकी पत्नी बबिता गैलेक्सी रॉयल सोसाइटी में घरेलू कार्य करती है। मंगलवार शाम करीब 5 बजे सोसाइटी केबी टावर में 18 फ्लोर पर काम करने जा रही थी। इस समय फ्लैट संख्या 1812 के मालिक हजारी लाल के कुत्ते ने बबिता को बर्बरता पूर्वक काट लिया। जिससे बबीता के शरीर पर गंभीर चोटे आई हैं। मेंटेनेंस टीम द्वारा बचाए जाने पर कुत्ते के मालिक ने सभी के साथ दुर्व्यवहार किया।
वहीं मामले में पुलिस का कहना है कि एक फ्लैट का दरवाजा खुला हुआ था। जहां से जर्मन शेफर्ड कुत्ता बाहर निकल आया। उसने महिला पर हमला कर दिया। महिला को टीके लगवा दिए गए हैं। इस मामले में शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

