• Wed. Jun 3rd, 2026

किसान आंदोलन : अखिलेश का मोदी सरकार पर तंज कहा- ‘भाजपा राज में ये कैसा अमृतकाल, किसानों पर आंसू गैस के गोलों की बौछार…’

ByIcndesk

Feb 14, 2024

Report By : ICN Network

बीते दिन मंगलवार को हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर किसान और पुलिस के बीच बवाल देखने को मिला। जिसके बाद तमाम सियासी दलों ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए अपनी-अपनी प्रतिक्रिया देनी शुरु कर दी। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा है कि ये कैसा अमृत काल है, जब किसानों पर आंसू गैस के गोलों की बौछार की जा रही है। दिल्ली की सरकार किसानों की आवाज दबाना चाहती है। किसानों को रोकने के लिए और आंदोलन खत्म करने के लिए तमाम जतन किए जा रहे हैं।

किसानों की आवाज को दबाना चाहती है सरकार
आगे अखिलेश यादव ने कहा कि “जो कुछ हो रहा है और जिस प्रकार की खबरें आ रही हैं कि आंसू गैस के गोले छोड़े जा रहे हैं। किसानों को रोकने के लिए और आंदोलन खत्म करने के लिए कीलों के साथ-साथ दीवारें तक खड़ी की गई। प्रशासन के माध्यम से सरकार जो कर सकती थी कर रही है। दिल्ली की सरकार किसानों की आवाज को दबाना चाहती है। ये वही सरकार के लोग हैं जिन्होंने किसानों से कहा कि उनकी आय दोगुनी हो जाएगी, फसल की कीमत मिलेगी, MSP लागू करेंगे।”

इसके बाद अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि “भाजपा राज में ये है भला कैसा अमृतकाल, किसानों पर आँसू गैस के गोलों की बौछार। धिक्कार! धिक्कार!! धिक्कार!!!”

By Icndesk