Report By : ICN Network
Congress District President List: भाजपा के बाद अब कांग्रेस ने भी जिला और शहर अध्यक्षों के नाम घोषित कर दिए हैं। गुरुवार शाम पार्टी ने प्रदेश की 133 जिला और महानगर इकाइयों के नए अध्यक्षों की सूची जारी की। यह सूची कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी की सहमति के बाद राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी की गई।
कांग्रेस द्वारा जारी की गई 133 नामों की सूची के जातिवार आंकड़ों का इशारा साफ है कि कांग्रेस की मंशा अपने पुराने वोट बैंक को साधने की है। कांग्रेस की सूची में 51 सामान्य ( ब्राह्मण 29, ठाकुर 12, बनिया 7, कायस्थ 2, सिख 1), 30 मुस्लिम, 35 ओबीसी, 5 एससी, 2 एसटी 6 महिलाएं शामिल हैं।
दरअसल, आजादी के बाद एक लंबे वक्त तक ब्राह्मण, मुस्लिम और दलित कांग्रेस का वोट बैंक रहा है। बढ़ते समय के साथ दलितों और ब्राह्मणों ने अपना ठिकाना तलाश लिया। मुस्लिम वोटर्स भी अपना वोट कभी कांग्रेस के साथ तो कभी दूसरे दलों को देते रहे। इससे कांग्रेस की राजनीतिक पकड़ कमजोर हो गई और वह साल 1989 के बाद उत्तर प्रदेश की सत्ता में कभी भी वापसी नहीं कर सकी।
नई सूची में केवल छह महिलाओं को जगह मिली है, जिससे पार्टी की महिला भागीदारी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों में महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों की योजना के बीच कांग्रेस की यह सूची नेतृत्व में महिलाओं की कम उपस्थिति को दर्शाती है, जिससे पार्टी की प्रतिबद्धता पर चर्चा हो रही है।

