• Wed. Feb 4th, 2026

नोएडा: योगी सरकार के 8 साल बेमिसाल कार्यक्रम का भव्य आयोजन

Report By : ICN Network

नोएडा के सेक्टर-33 स्थित नोएडा हाट में उत्तर प्रदेश सरकार के “8 साल बेमिसाल” कार्यक्रम का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री कुंवर बृजेश सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जिनका डीएम मनीष कुमार वर्मा ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की गई और प्रदेश में हुए विकास कार्यों को जनता के सामने रखा गया।

योगी सरकार में उत्तर प्रदेश बना सुरक्षित और विकसित राज्य – बृजेश सिंह

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में माफिया राज था। पुलिस भर्ती में विशेष जाति के लोगों को प्राथमिकता दी जाती थी, जिससे जनता में डर का माहौल था। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों को घर से बाहर निकलने में डर लगता था, लेकिन अब प्रदेश में सुरक्षित माहौल है।

उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास की गति तेज हुई है—सड़कों का निर्माण हो रहा है, गांवों का विकास किया जा रहा है और महिलाओं को छोटे व्यवसायों से जोड़ा गया है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रही हैं।

जेवर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट और फिल्म सिटी का निर्माण जारी

कार्यक्रम में जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि योगी सरकार आने के बाद प्रदेश में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में इंटरनेशनल एयरपोर्ट, फिल्म सिटी और मेडिकल कॉलेज का निर्माण तेजी से चल रहा है।

बिल्डरों पर होगी सख्त कार्रवाई, बायर्स को जल्द मिलेगा घर

प्रभारी मंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने नोएडा-एनसीआर क्षेत्र में फ्लैट खरीदने वालों को जल्द आशियाना मिलने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि बिल्डरों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि बायर्स को जल्द से जल्द उनके घर मिल सकें।

अखिलेश सरकार पर निशाना, उत्तर प्रदेश को बनाया था माफिया राज का गढ़

बृजेश सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा,
“जब-जब उनके परिवार की सरकार उत्तर प्रदेश में आई, तब-तब माफिया राज और गुंडाराज हावी रहा।”

उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले दो वर्षों में उत्तर प्रदेश देश का नंबर वन राज्य बनेगा और हर क्षेत्र में तेज़ी से विकास होगा।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)