• Fri. Oct 2nd, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

UP: महाराजगंज में बोले सीएम योगी – वक्फ संपत्तियों पर लगेगी रोक, अब शिक्षा और स्वास्थ्य होगी प्राथमिकता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाराजगंज के रतनपुर में 654 करोड़ की परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम में स्पष्ट संदेश दिया कि वक्फ बोर्ड के नाम पर अब कोई कब्जा या लूट नहीं होगी। उन्होंने कहा कि इन संपत्तियों का उपयोग अब विद्यालयों और मेडिकल कॉलेजों के निर्माण में किया जाएगा, ताकि आम जनता को सीधा लाभ मिल सके।

योगी ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले हर जिले की पहचान एक माफिया से होती थी, अब हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू नहीं, बल्कि विकास की राह पर तेजी से अग्रसर है।

सीएम ने यह भी बताया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत अब दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जल्द तीसरे स्थान पर होगा। हर घर बिजली के बाद अब हर घर को नल और जल योजना से जोड़ा जा रहा है। काशी और अयोध्या जैसे शहर विरासत और विकास का सुंदर उदाहरण बन चुके हैं, और महाकुंभ ने दुनिया को भारत की संस्कृति और संगठन क्षमता का अहसास कराया है।

उन्होंने कहा कि आज जगह-जगह हाईवे, मेडिकल कालेज, विद्यालय सहित अन्य आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रहीं हैं। उत्तर प्रदेश देश की दूसरी बड़ी अर्थ व्यवस्था बन गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के पहले जब त्योहार आते थे तो लोग इस बात पर सहमे रहते थे कि कब क्या हो जाए । 2017 के बाद दंगे नहीं हुए। यदि किसी ने दंगा किया तो उसे अपने बाप-दादा की कमाई से भी वंचित होना पड़ा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में कोई भी भूख से नहीं मरता। सरकार युवाओं को बेहतर शिक्षा, बेटियों को सुरक्षा, व्यापारियों को सम्मान और किसानों की समृद्धि के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने रोहिन बैराज परियोजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इससे बड़ी संख्या में किसानों को सिंचाई की सुविधा मिलेगी, जो उनकी आय बढ़ाने में सहायक होगी।

कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया, सिसवा विधायक प्रेम सागर पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल और भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और लोग मौजूद रहे।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)