• Thu. Oct 1st, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

भारत-पाक तनाव के बीच NCR में किरायेदारों की बढ़ी चिंता, चेकिंग अभियान हुआ सख्त

Report By : ICN Network

भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच NCR में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। गौतमबुद्ध नगर में पुलिस ने ऑपरेशन ‘सिंदूर’ के बाद चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। जिले में जगह-जगह पुलिस गश्त के साथ सत्यापन और विशेष जांच अभियान चलाए जा रहे हैं।

नोएडा बॉर्डर, थानों और अन्य अहम इलाकों में चेक पोस्ट बना दिए गए हैं, जहां पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। मेट्रो स्टेशन, गेल ऑफिस और टकसाल जैसे संवेदनशील संस्थानों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। शुक्रवार को जुमे की नमाज को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरती गई।

जिले में कई जगह बालू की बोरियों से चेक पोस्ट बनाए गए। मेट्रो स्टेशन, मॉल और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी पुलिस की भारी तैनाती रही। पुलिस अधिकारियों ने खुद पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों से सहयोग की अपील की।

पुलिस ने लोगों से कहा कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, बिना पुष्टि के कोई मैसेज न फैलाएं और आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। अपर पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने की पूरी तैयारी की जा रही है।

जिले में रह रहे किरायेदारों, झुग्गी-झोपड़ी के निवासियों और विदेशी नागरिकों का सत्यापन अभियान भी तेज कर दिया गया है। विदेशी नागरिकों की तीनों जोन में सूची बनाकर जांच की जा रही है। वहीं किरायेदारों का सत्यापन एसीपी स्तर के अधिकारी खुद जाकर कर रहे हैं।

शुक्रवार को नोएडा में एसीपी ट्विंकल जैन ने सेक्टर-49 और 113 थाना क्षेत्र में किरायेदारों की जांच की। इस दौरान सीसीटीएनएस, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य तकनीकी माध्यमों से उनका आपराधिक रिकॉर्ड भी चेक किया गया और लोगों को जागरूक किया गया।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)