• Sat. Sep 19th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

दिल्ली: मॉर्निंग वॉक के दौरान गैंगस्टर मंजीत महाल के भांजे की हत्या, चार साल की बेटी भी घायल

Report By : ICN Network

दिल्ली के बवाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब मॉर्निंग वॉक पर निकले एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान दीपक के रूप में हुई है, जो कुख्यात गैंगस्टर मंजीत महाल का भांजा बताया जा रहा है। वारदात में उसकी चार वर्षीय बेटी भी घायल हो गई, जिसे हाथ में गोली लगी है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि इस हमले के पीछे प्रतिद्वंद्वी नंदू गैंग का हाथ हो सकता है। बवाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार दीपक परिवार सहित नांगल ठाकरान गांव में रहता था। बीटेक की पढ़ाई करने के बाद वह शेयर ट्रेडिंग का काम कर रहा था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दीपक अपने माता पिता और चार साल की बेटी के साथ सुबह टहलने के लिए जाता था। वे चारों नांगल-बवाना रोड पर टहलते हुए आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान दीपक अपनी बेटी के साथ आगे-आगे चल रहा था जबकि माता-पिता थोड़े पीछे थे।

इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने दीपक पर अंधाधुंध फायरिंग करनी शुरू कर दी। इस फायरिंग में एक गोली बच्ची के हाथ को पार कर बाहर निकल गई। करीब आधा दर्जन गोली लगने से दीपक गिर गया और हमला फरार हो गए। दीपक के पिता देवेंद्र ने पुलिस को सूचना दी और घायल बेटा-पोती को अस्पताल पहुंचा जहां दीपक की मौत हो गई।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, गैंगस्टर मंजीत महाल की दो सगी बहनों की शादी देवेंद्र और उनके छोटे भाई से हुई थी। देवेंद्र एक सरकारी शिक्षक हैं। पुलिस का कहना है कि मृतक दीपक का आपराधिक गतिविधियों से कोई लेना-देना नहीं था। बावजूद इसके, जांच में लंदन में बैठे नंदू गैंग की भूमिका की आशंका जताई जा रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 12 अप्रैल को नंदू गैंग ने मंजीत महाल के करीबी प्रॉपर्टी डीलर राजकुमार दराल की हत्या पश्चिम विहार ईस्ट में कराई थी।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)