• Sun. Sep 27th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

दिल्ली हाई कोर्ट में तीन नए न्यायाधीशों ने ली शपथ, कुल जजों की संख्या बढ़कर 43 हुई

Report By : ICN Network

नई दिल्ली: दिल्ली हाई कोर्ट में गुरुवार को तीन नए न्यायाधीशों ने अपने पद की शपथ ली, जिससे अदालत में कार्यरत न्यायाधीशों की कुल संख्या अब 43 हो गई है। मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय ने न्यायमूर्ति विनोद कुमार, न्यायमूर्ति शैल जैन और न्यायमूर्ति मधु जैन को शपथ दिलाई। यह शपथ ग्रहण समारोह उच्च न्यायालय परिसर में आयोजित किया गया, जहां तीनों ने हिंदी भाषा में शपथ ली।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली हाई कोर्ट में स्वीकृत न्यायाधीशों की संख्या 60 है। केंद्र सरकार ने 22 जुलाई को इन तीनों न्यायिक अधिकारियों की नियुक्ति को लेकर अधिसूचना जारी की थी। तीनों अधिकारी—विनोद कुमार, मधु जैन और शैल जैन—1992 बैच के दिल्ली न्यायिक सेवा के अधिकारी हैं। पदोन्नति से पूर्व वे क्रमशः कड़कड़डूमा, तीस हजारी और साकेत जिला अदालतों में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में सेवा दे रहे थे।

इन नियुक्तियों की सिफारिश सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने की थी। एक जुलाई को कॉलेजियम ने शैल जैन और मधु जैन के नाम सुझाए थे, जबकि अगले दिन विनोद कुमार का नाम भी अनुशंसित किया गया था।

इससे पहले, 21 जुलाई को दिल्ली हाई कोर्ट में छह अन्य न्यायाधीशों—न्यायमूर्ति वी. कामेश्वर राव, नितिन वासुदेव साम्ब्रे, विवेक चौधरी, अनिल क्षेत्रपाल, अरुण कुमार मोंगा और ओम प्रकाश शुक्ला—ने भी अपने पद की शपथ ली थी।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)