दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम पारा 5.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। सुबह से ही मौसम में ठंडक बनी हुई थी। वहीं अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक रहा।
राजधानी में दिसंबर की शुरुआत इस सीजन और बीते 11 साल की ठंडी सुबह के साथ हुई है, जहां साल 2011 में पारा 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सोमवार को न्यूनतम पारा 5.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। सुबह से ही मौसम में ठंडक बनी हुई थी। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, वैसे-वैसे दिन में सूरज की गर्मी का हल्का अहसास हुआ, लेकिन बीच-बीच में ठंडी हवाओं ने लोगों को परेशान किया। इसी बीच अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो मौसम के औसत से 4.6 डिग्री कम है।
दिल्ली में अधिकतम आर्द्रता 100 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 41 प्रतिशत रही। वहीं, लोधी रोड सबसे ठंडा इलाका रहा। यहां न्यूनतम पारा 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा, आया नगर में 6.5, पालम में 7.6 और आया नगर में 6.5 न्यूनतम पारा दर्ज किया गया। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से राजधानी में ठंडी हवाएं चल रही हैं। ऐसे में मंगलवार को आसमान अधिकतर साफ रहेगा। सुबह के समय कुछ जगहों पर हल्का कोहरा रहेगा। कुछ जगहों पर शीत लहर की स्थिति रहेगी। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान 26 और 09 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहेगा। ऐसे में लोगों को सुबह-शाम ठंडक का अहसास होगा। साथ ही, दिन में ठंडी हवाएं लोगों को परेशान करेगी।
1-5 दिसंबर तक अलग-अलग इलाकों में शीतलहर का असर
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में दिल्ली-एनसीआर का मौसम ज्यादातर साफ रहेगा। सुबह के समय हल्का कोहरा और कुछ जगहों पर कोल्ड वेव की स्थिति बनी रहेगी। 2 दिसंबर को अधिकतम तापमान 25-27 और न्यूनतम 8-10 डिग्री सेल्सियस रहेगा। 3 और 4 दिसंबर को अधिकतम 22-24 और न्यूनतम 6-10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, मौसम साफ रहेगा और सुबह हल्का कोहरा रहेगा। 5 दिसंबर को हल्के बादल छाए रहेंगे, सुबह हल्का कोहरा और कुछ जगहों पर कोल्ड वेव की स्थिति रहेगी।
6 और 7 दिसंबर को हल्के बादल रहेंगे, सुबह हल्का कोहरा रहेगा, अधिकतम तापमान 22-25 और न्यूनतम 7-10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। मौसम विशेषज्ञों ने नागरिकों को रात के समय और सुबह ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी। यह स्थिति खासकर उन लोगों के लिए चुनौतीपूर्ण रही जो सुबह-शाम घर से बाहर निकलते हैं, लेकिन दिन के समय हल्की धूप और बढ़ते तापमान के कारण थोड़ी राहत मिली।

