• Wed. Feb 18th, 2026

दिल्ली पुलिस के 88,000 कर्मियों को सेवानिवृत्ति से एक दिन पहले मिलेगी पदोन्नति

ByAnkshree

Dec 13, 2025
दिल्ली पुलिस के 88,000 पुलिसकर्मियों के लिए खुशखबरी है। अब सिपाही से लेकर सब-इंस्पेक्टर (एसआई) को सेवानिवृति से एक दिन पहले पदोन्नति दी जाएगी। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने दिल्ली पुलिस के इस प्रस्ताव को बृहस्पतिवार को हरी झंडी दी। उपराज्यपाल बृहस्पतिवार को दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचे थे।

हालांकि पदोन्नति सिर्फ सम्मान के लिए होगी। इससे कोई पेंशन व अन्य वित्तीय लाभ नहीं होंगे। दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा के कार्यालय से जारी एक नोट में कहा कि दिल्ली पुलिसकर्मी जो वर्तमान रैंक में न्यूनतम 2 साल की सेवा पूरी कर चुके हैं, पिछले 5 वर्षों से अच्छी एपीएआरएस रखते हैं। सेवा के दौरान उनके खिलाफ कोई बड़ी सजा नहीं है, वह अपने मौजूदा पदों से ऊपर मानद रैंक के लिए पात्र होंगे। पत्र में कहा कि इस कदम से 88,000 से अधिक दिल्ली पुलिस सब-इंस्पेक्टर(एसआई), एएसआई, हवलदार (हेड कांस्टेबल) और सिपाहियों (कांस्टेबल) को लाभ होगा।

पुलिसकर्मियों का बढ़ेगा मनोबल
पुलिस कर्मियों का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से इस महत्वपूर्ण कदम में दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना ने दिल्ली पुलिस कर्मियों को सिपाही से सब-इंस्पेक्टर रैंक तक उनकी सेवानिवृत्ति के दिन उनके मौजूदा पदों से एक स्तर ऊपर मानद रैंक देने की मंजूरी दे दी है। हालांकि, यह वित्तीय पेंशनरी लाभों के बराबर नहीं होगा। इस कदम से 88,000 से अधिक दिल्ली पुलिस कर्मियों को लाभ होगा। ये प्रस्ताव दिल्ली पुलिस का काफी समय से लंबित था।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )