Noida दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्राधिकरण के सीईओ Krishna Karunesh के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर, खेल सुविधाओं और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को लेकर गहन चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से मेट्रो नेटवर्क की प्रगति और शहर में संचालित इनडोर व आउटडोर स्टेडियमों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से स्टेडियमों की कुल संख्या, उनकी वर्तमान हालत, उपयोगिता और नागरिकों की भागीदारी के बारे में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया कि सभी खेल परिसरों को स्थानीय स्कूलों और कॉलेजों से जोड़ा जाए, ताकि विद्यार्थियों की नियमित भागीदारी सुनिश्चित हो सके। उनका कहना था कि इससे खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास में सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
बैठक में स्कूल स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने स्टेडियमों के रखरखाव, सुरक्षा व्यवस्था और बुकिंग सिस्टम से जुड़ी जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि खेल सुविधाओं की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
समीक्षा बैठक में मेट्रो कनेक्टिविटी के विस्तार पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी तक मेट्रो विस्तार को केंद्र से मंजूरी मिल चुकी है और कार्य प्रगति पर है। वहीं, सेक्टर-142 से बॉटेनिकल तक प्रस्तावित एक्वा लिंक लाइन परियोजना को मंजूरी मिलते ही काम शुरू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री की इस बैठक को शहर के खेल ढांचे को मजबूत करने और सार्वजनिक परिवहन को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।