Report : ICN NETWORK( Gautam Budh Nagar)
गौतमबुद्धनगर : जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए विभिन्न स्तरों पर लंबित राजस्व वादों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करते हुए राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों की संख्या में प्रभावी कमी लाई जाए।

समीक्षा के दौरान समस्त उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं अन्य राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने न्यायालयों में लंबित वादों की नियमित निगरानी करें तथा उनके निस्तारण की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाएं।
इसके साथ ही लंबे समय से लंबित वादों को चिन्हित कर विशेष प्रयासों के माध्यम से उनका निस्तारण कराने तथा संपूर्ण प्रक्रिया को पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ सम्पन्न करने पर गहन विचार विमर्श हुआ।
बैठक में राजस्व न्यायालयों की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर देते हुए कहा गया कि प्रत्येक प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह, डिप्टी कलेक्टर वेद प्रकाश पांडेय एवं संबंधित राजस्व अधिकारीगण उपस्थित रहे।
सौजन्य से सूचना विभाग गौतमबुद्धनगर।

