• Sat. Apr 18th, 2026

दिल्ली: बड़ी आतंकी साजिश की नाकाम, चार आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने खुफिया सूचना के आधार पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र, ओडिशा और बिहार से चार ऐसे युवकों को गिरफ्तार किया है, जो कट्टरपंथी विचारधारा से प्रेरित होकर देश में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने इनके पास से आईईडी बनाने का सामान भी बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोसैब अहमद उर्फ सोनू उर्फ कलाम (ठाणे, महाराष्ट्र), मो. हम्माद (मुंबई, महाराष्ट्र), शेख इमरान (भुवनेश्वर, ओडिशा), मो. सोहैल (कटिहार, बिहार) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी एन्क्रिप्टेड सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बने ग्रुप्स के जरिए जुड़े हुए थे। इन ग्रुप्स में में जिहाद और ‘गजवा-ए-हिंद’ पर चर्चाएं होती थीं। इन ग्रुप्स में आतंकी विचारधारा, जिहाद और हथियारों की बात होती थी। ये ग्रुप्स बनाकर युवाओं को कट्टरपंथ की ओर प्रेरित कर रहे थे और जिहाद के नाम पर भर्ती अभियान चला रहे थे।


गिरोह के दो सदस्य रिमोट-नियंत्रित आईईडी बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर सामग्री एकत्र कर रहे थे, जिसका उपयोग आतंकवादी हमले के लिए किया जा सकता था। शेख इमरान नाम का आरोपी दिसंबर 2025 में दिल्ली आया था और लाल किला समेत कई संवेदनशील स्थानों की रेकी की थी। एक आरोपी सोशल मीडिया के जरिए हथियार और विस्फोटक जुटाने के लिए उकसा रहा था।

पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त कर लिए हैं। डिजिटल फॉरेंसिक जांच के जरिए इनके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की पहचान की जा रही है।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )