एसएससी भर्ती 2026: 84 पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ, अंतिम तिथि 14 मई
नई दिल्ली। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने जूनियर हिंदी ट्रांसलेटर, जूनियर ट्रांसलेशन ऑफिसर, सीनियर हिंदी ट्रांसलेटर, और अन्य समूह ‘बी’ के कुल 84 गैर-राजपत्रित पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 14 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
एसएससी द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, 23 अप्रैल से आवेदन प्रक्रिया शुरू हुई है और 14 मई को समाप्त हो जाएगी। आवेदन में त्रुटि सुधार के लिए 19 से 20 मई तक सुधार विंडो खुली रहेगी। ऐसे सभी उम्मीदवार जो इन पदों के लिए आवेदन करना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से हिंदी/अंग्रेजी या दोनों भाषाओं में मास्टर डिग्री होना आवश्यक है। संबंधित पदों के अनुसार हिंदी से अंग्रेजी अनुवाद में डिप्लोमा और अनुभव भी अनिवार्य है। इसके साथ-साथ अन्य निर्धारित शैक्षणिक और तकनीकी योग्यता भी पूरी करनी होगी।
उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित है, जिसकी गणना 1 अगस्त 2026 के अनुसार की जाएगी। आरक्षित श्रेणी के आवेदकों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।
चयन प्रक्रिया में कंप्यूटर आधारित परीक्षा (पेपर-I तथा पेपर-II), फाइनल मेरिट सूची और दस्तावेज सत्यापन शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों को पदों के अनुसार प्रति माह 35,400 से 1,42,400 रुपये की वेतन सीमा दी जाएगी। अनुमान है कि पेपर-I अगस्त से सितंबर के बीच आयोजित होगा।
आवेदन शुल्क सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए 100 रुपये निर्धारित है। महिलाएं, अनुसूचित जाति/जनजाति, दिव्यांग एवं पूर्व सैनिक वर्ग के उम्मीदवारों को शुल्क छूट और आयु सीमा में छूट मिलेगी।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं, संबंधित पद के आवेदन लिंक पर क्लिक करें, आवश्यक पंजीकरण और लॉगिन करें, फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी सही-सही भरें। आवश्यक दस्तावेज उपयुक्त आकार व फॉर्मेट में अपलोड करें, आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन करें और अंत में आवेदन फार्म सबमिट कर एक प्रति सुरक्षित रखें।