• Tue. Apr 28th, 2026

नोएडा: शहर में बंद पड़े 100 से ज्यादा सार्वजनिक शौचालय अगले 10 दिन में खोले जाने का दावा

शहर में बंद पड़े 100 से ज्यादा सार्वजनिक शौचालय अगले 10 दिन में खोले जाने का दावा नोएडा प्राधिकरण की तरफ से किया गया है। प्राधिकरण ने 150 शौचालय देखरेख और संचालन के लिए अगले 10 साल के लिए एक निजी एजेंसी को सौंप दिए हैं। इस समयावधि में एजेंसी प्राधिकरण को 90 करोड़ रुपये का राजस्व भी देगी। बदले में एजेंसी इन शौचालय पर होर्डिंग्स लगवाकर प्रचार से कमाई करेगी।
प्राधिकरण से मिली जानकारी के मुताबिक पूरे शहर में कुल 314 सार्वजनिक-सामुदायिक शौचालय, यूरिनल ब्लॉक हैं। इनमें 49 का निर्माण पूर्व में बिल्ट ऑपरेट ट्रांसफर (बीओटी) के आधार पर हुआ है। 265 प्राधिकरण ने बनवाए हैं। प्राधिकरण ने 2025 के आखिर में इनकी देखरेख खुद से न करवाकर बीओटी के आधार पर करवाने का निर्णय लिया है। वर्क सर्कल 1 से 5 तक के 150 सार्वजनिक शौचालय टेंडर कर एजेंसी को सौंप दिए गए हैं। इनका संचालन 10 दिन में पूरी तरह से शुरू करवाने का दावा है। वर्क सर्कल 6 से 10 तक बने 115 शौचालय के लिए भी एजेंसी का चयन हो गया है। इसमें अगले 10 साल में प्राधिकरण को मिलने वाले राजस्व की गणना अभी बाकी है।
नोएडा प्राधिकरण के जीएम एसपी सिंह ने दावा किया कि 150 सार्वजनिक शौचालय का संचालन अगले 10 दिनों में शुरू करवा दिया जाएगा। चुनी गई एजेंसी अगले 10 साल तक शौचालयों के रखरखाव का काम करेगी।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )