देश की सबसे तेज दौड़ने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों को परोसे जा रहे खाने की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं। शुक्रवार को आगरा से प्रयागराज जा रही ट्रेन में यात्रियों को नाश्ते में कटलेट परोसे गए। इनमें मरी हुई मक्खियां निकलीं।
कुछ ने बिना अंदर देखे कटलेट खा लिए। इस पर महिला यात्रियों को उल्टियां होने लगीं। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है।
आगरा से प्रयागराज जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस में शुक्रवार को कोच नंबर सी 13 में बैठे यात्रियों ने हंगामा किया। कई यात्रियों के खाने में मरी हुई मक्खी निकल आई थीं। यात्रियों का कहना है कि सबसे अधिक मक्खी कटलेट में निकली हैं
कटलेट खाने के बाद कुछ यात्रियों को उल्टियां होने लगीं। इसके बाद दूसरे यात्रियों ने अपने फूड पैकेट्स खोले तो उन्हें माजरा समझ आ गया।
जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि यात्रियों की शिकायत पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के लिए आईआरसीटीसी के अधिकारियों को पत्र लिखा गया है।