ऑपरेशन सिंदूर: भारतीय सशस्त्र बलों की अदम्य वीरता का एक वर्ष पूर्ण
नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की वर्षगांठ पर भारतीय सशस्त्र बलों के शौर्य और समर्पण को श्रद्धा से याद किया। उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन ने देश की सुरक्षा को सुदृढ़ करने के साथ-साथ राष्ट्रीय संकल्प और तत्परता का नया आयाम प्रस्तुत किया है।
रक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने संदेश में लिखा, “‘ऑपरेशन सिंदूर’ की वर्षगांठ पर हम अपने सशस्त्र बलों की वीरता को नमन करते हैं, जिनका साहस और समर्पण राष्ट्र की सुरक्षा को सुनिश्चित करता रहा है। इस अभियान में भारतीय सेनाओं ने असाधारण सटीकता, समन्वय और तीनों सेनाओं के बीच गहरे तालमेल का प्रदर्शन किया, जिसने आधुनिक सैन्य अभियानों के लिए एक नया मानक स्थापित किया।”
उन्होंने आगे कहा, “यह ऑपरेशन देश की राष्ट्रीय तत्परता और संकल्प का सशक्त प्रतीक है, जो यह दर्शाता है कि जब देश को सबसे अधिक आवश्यकता होती है, तब हमारे सशस्त्र बल बिना किसी संकोच के निर्णायक कदम उठाने को सदैव तैयार रहते हैं।”
रक्षा मंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि यह अभियान भारत की आत्मनिर्भरता की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे हमारी सुरक्षा क्षमताओं में वृद्धि हुई है और हमारे बल और दृढ़ हुए हैं।
इस अवसर पर राजनाथ सिंह ने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें उन्होंने आतंकवाद के विरुद्ध भारत की कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। वे बोले, “भारत जब आतंकवाद के खिलाफ कदम उठाता है, तो आतंकवादियों और उनके आकाओं के लिए सीमापार की कोई भी जगह सुरक्षित नहीं रहती।”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस मौका पर अपने विचार साझा किए और लिखा, “145 करोड़ भारतवासियों की एकजुटता, अदम्य इच्छाशक्ति, सशस्त्र सेनाओं के असाधारण पराक्रम और भारत की स्पष्ट नीति की एक गौरवशाली अभिव्यक्ति, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के एक वर्ष पूरे होने पर देशवासियों को हार्दिक बधाई और भारतीय सेना के रणबांकुरों का हृदय से अभिनंदन।”
सीएम ने बताया, “यह ऑपरेशन नए भारत के आत्मविश्वास, साहस और निर्णायक नेतृत्व का सशक्त प्रतीक है। इसने विश्व को स्पष्ट कर दिया है कि भारत अपनी सुरक्षा, संप्रभुता और सम्मान से कभी समझौता नहीं करेगा। हमारे वीर जवानों का शौर्य, त्याग और तप ही भारत की अजेय शक्ति है, जिसके लिए राष्ट्र सदैव उनका ऋणी रहेगा। यह विजयगाथा केवल इतिहास नहीं, बल्कि भविष्य के लिए प्रेरणा है।”