• Mon. May 11th, 2026

सीएम रेखा गुप्ता ने लाजपत नगर का किया दौरा, ‘विलेज कॉटेज होम’ के बच्चों के साथ बिताए पल

सीएम रेखा गुप्ता ने लाजपत नगर का किया दौरा, 'विलेज कॉटेज होम' के बच्चों के साथ बिताए पल

मातृ दिवस पर सीएम रेखा गुप्ता ने लाजपत नगर स्थित विलेज कॉटेज होम का किया दौरा

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मातृ दिवस के अवसर पर रविवार को लाजपत नगर में स्थित ‘विलेज कॉटेज होम’ का दौरा किया, जहां उन्होंने बच्चों के साथ कुछ भावुक और यादगार पल बिताए। इस दौरान उन्होंने ‘आफ्टरकेयर स्कीम फॉर यंग पर्सन्स’ की घोषणा भी की, जो युवाओं के पुनर्वास और विकास में सहायक होगी।

वित्त वर्ष 2026–27 के लिए 3.5 करोड़ रुपए के बजट से संचालित यह योजना 18 वर्ष के बाद चाइल्ड केयर संस्थानों से बाहर आने वाले युवाओं को पुनर्वास सहायता, उच्च शिक्षा में सहयोग, कौशल विकास, करियर मार्गदर्शन, इंटर्नशिप और आर्थिक मदद प्रदान करेगी। यह पहल दिल्ली सरकार की उस प्रतिबद्धता का प्रतिनिधित्व है, जिसके तहत प्रत्येक युवा को सम्मानजनक, सुरक्षित और आत्मनिर्भर जीवन निर्माण के लिए आवश्यक समर्थन और अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने मातृ दिवस के मौके पर ‘विलेज कॉटेज होम’ के बच्चों के साथ बिताए पल उनके दिल के बहुत करीब हैं। उन्होंने बच्चों की मुस्कान में अपनापन और सच्चे जुड़ाव की झलक देखी जो भावुक करने वाली है।

उन्होंने और कहा, “हर बच्चे को प्यार, सुरक्षा, अच्छी शिक्षा और परिवार की गर्माहट मिलनी चाहिए। यह ही एक संवेदनशील समाज की असली पहचान है। दिल्ली सरकार प्रत्येक बच्चे के जीवन में विश्वास, मौके और एक उज्ज्वल भविष्य की किरण लाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।”

मुख्यमंत्री ने अपने दूसरे पोस्ट में यह भी बताया कि उन्होंने ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026’ के अंतर्गत नई दिल्ली एवं करोल बाग जिलों में आयोजित प्रशिक्षण सत्रों को संबोधित किया। यह कार्यक्रम भाजपा के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने तथा आगामी लक्ष्यों पर विचार-विमर्श का मंच प्रदान करता है।

उन्होंने बताया कि किसी भी संगठन के लिए अनुशासन एवं प्रशिक्षण अत्यंत जरूरी हैं क्योंकि प्रशिक्षण कार्यकर्ता के भीतर वैचारिक स्पष्टता एवं कार्यकुशलता का विकास करता है। भाजपा के कार्यकर्ता ही वे स्तम्भ हैं जो संगठन की विचारधारा और सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जनता तक पहुँचाते हैं।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी विचारधारा पूरे देश में अभूतपूर्व रूप से फैली है। सेवा और सुशासन का यह मौसम अंग, बंग, कलिंग से लेकर गंगोत्री और गंगा सागर तक खिल चुका है। यह समर्पित कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का फल है।”

इस अवसर पर सांसद बांसुरी स्वराज, विधायक हरीश खुराना, उमंग बजाज, जिला अध्यक्ष वीरेंद्र बब्बर और अन्य पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Source

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)