• Thu. May 21st, 2026

ग्रेटर नोएडा: वैदपुरा हत्याकांड के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल

ग्रेटर नोएडा के वैदपुरा गांव में युवक की हत्या के मामले में ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस और बदमाशों के बीच गुरुवार को हुई मुठभेड़ में दो आरोपी घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि  संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान बाइक सवार बदमाशों को रुकने का इशारा किया गया। लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। घायल आरोपियों की पहचान हर्ष उर्फ राधे  निवासी गांव वैदपुरा और जगत सिंह निवासी उपरोक्त के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि हर्ष उर्फ राधे के कब्जे से एक तमंचा, एक कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। वहीं जगत सिंह के पास से भी एक तमंचा, एक कारतूस और एक कारतूस बरामद किया गया है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके आपराधिक इतिहास की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। 

बता दें कि ग्रेटर नोएडा के वैदपुरा गांव में एक युवक की छह गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस जघन्य वारदात के बाद परिजनों में भारी गुस्सा है। गुरुवार सुबह परिजनों ने मृतक का शव गोल चक्कर पर रखकर सड़क जाम कर दिया। 

सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया। परिजनों की प्रमुख मांग है कि हत्या के सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की अपील की

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )