केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं कक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया के दौरान आधार सत्यापन को लेकर कई छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तकनीकी खामियों, लॉगिन संबंधी समस्याओं और विवरणों में असंगति के कारण अनेक छात्र आवेदन पूरा नहीं कर पा रहे हैं। स्थिति को देखते हुए बोर्ड ने छात्रों से घबराने के बजाय निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। उत्तरपुस्तिका सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया शुरू होने के दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में छात्रों ने आधार सत्यापन में असफलता की शिकायत दर्ज कराई। कई छात्रों ने बार-बार प्रयास करने के बावजूद प्रक्रिया पूरी नहीं होने की जानकारी बोर्ड तक पहुंचाई। इसके बाद सीबीएसई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय होकर छात्रों की समस्याओं का समाधान शुरू किया है।
पोर्टल पर उपलब्ध विवरण से पूरी तरह मेल खाना जरूरी-
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि आधार कार्ड में दर्ज नाम, जन्मतिथि, लिंग और अन्य व्यक्तिगत जानकारी सीबीएसई पोर्टल पर उपलब्ध विवरण से पूरी तरह मेल खाना जरूरी है। छोटी सी त्रुटि भी सत्यापन प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है। अधिकारियों के अनुसार अधिकांश मामलों में गलत विवरण दर्ज होने के कारण आधार वेरिफिकेशन सफल नहीं हो पा रहा है। सीबीएसई ने यह भी बताया कि पोर्टल पर लॉगिन के लिए उपयोग किया जाने वाला पासवर्ड और एडमिट कार्ड आईडी एक ही है। कई छात्र इन्हें अलग-अलग समझकर गलत जानकारी दर्ज कर रहे हैं, जिससे लॉगिन में परेशानी हो रही है। बोर्ड ने छात्रों से निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़कर ही आवेदन प्रक्रिया पूरी करने को कहा है।
विशेषज्ञ टीम के पास भेजकर समाधान कराया जाएगा-
बोर्ड के अनुसार यदि सभी जानकारियां सही होने के बावजूद आधार सत्यापन नहीं हो रहा है तो छात्र अपना रोल नंबर, एप्लिकेशन आईडी और एडमिट कार्ड आईडी बोर्ड को उपलब्ध कराएं।
इन मामलों को विशेषज्ञ टीम के पास भेजकर समाधान कराया जाएगा। वहीं, यदि पोर्टल पर अधिक ट्रैफिक के कारण तकनीकी समस्या आ रही हो तो कुछ समय बाद पुनः प्रयास करने की सलाह दी गई है। सीबीएसई ने सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उत्तरपुस्तिका सत्यापन एवं पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया में आधार सत्यापन अनिवार्य किया है। बोर्ड का कहना है कि सही जानकारी दर्ज करने और धैर्य बनाए रखने से अधिकांश समस्याओं का समाधान आसानी से हो सकता है।

