दिल्ली विश्वविद्यालय में दो वर्षीय स्नातकोत्तर प्रोग्राम (पीजी) की करीब 13 हजार सीटों के लिए दाखिले के दो राउंड संपन्न होने के बाद 8,163 सीटें भर गई हैं। जबकि 4,569 छात्रों ने अपनी सीट को फ्रीज कर दिया है। हालांकि दूसरे राउंड के दाखिले के लिए फीस भुगतान करने का अंतिम दिन 27 जून है। ऐसे में दाखिले का आंकड़ा और बढ़ सकता है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए डीयू ने पीजी प्रोग्राम में दाखिले के लिए दूसरा राउंड संपन्न होने के बाद आंकड़े जारी किए हैं।डीयू में 22 जून को शुरु हुए स्नातकोत्तर दाखिले के दूसरे राउंड में 2,964 सीटों का आवंटन किया गया था, जबकि पहले राउंड में 11,548 सीटें आवंटित की गई थी। जहां पहले राउंड के बाद 8150 छात्रों ने अपना दाखिला पक्का किया वहीं दूसरे राउंड के संपन्न होने के बाद यह आंकड़ा 8163 हो गया।दूसरे राउंड के बाद 4,569 छात्रों ने अपनी आवंटित सीट को फ्रीज करने का विकल्प चुना है। दूसरे राउंड के लिए 2448 छात्रों ने बेहतर विकल्प पाने के लिए अपग्रेड का चयन किया था। इसके अलावा 2303 ऐसे छात्र थे जिन्होंने न तो सीट फ्रीज की और न ही अपग्रेड का विकल्प चुना।
अब डीयू अगले सप्ताह शुरु होने वाली मिड एंट्री और तीसरे राउंड के लिए शेड्यूल को एक से दो दिन में जारी कर देगा।वहीं डीयू ने बीटेक प्रोग्राम के पहले राउंड के आंकड़े भी जारी किए हैं। तीन प्रोग्राम के लिए कुल 3,,620 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनके लिए कुल 388 सीटों का आवंटन किया गया है, इनमें सुपरन्यूमरेरी सीटें भी शामिल हैं।

