अमेरिका ने भारतीय पुलिस अधिकारी पर लॉस एंजिल्स परिवार से जबरन वसूली का आरोप लगाया
अमेरिका में मंगलवार को भारतीय पुलिस अधिकारी गुरिंदरजीत सिंह पर लॉस एंजिल्स के एक परिवार से 4 लाख डॉलर की अवैध वसूली करने का आरोप लगा है। इस मामले में अधिकारी ने परिवार के सदस्यों के खिलाफ भारत में झूठे हत्या के मामले दर्ज कराने की धमकी दी थी।
अमेरिका के प्रथम सहायक अटॉर्नी बिल एसाइली ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “मेरा मानना है कि उन्होंने वास्तव में परिवार के खिलाफ हत्या के आरोप भारत में दर्ज कराए जब तक पीड़ित ने पैसे देने के लिए सहमति नहीं जताई।”
एसाइली ने बताया कि पुलिस अधिकारी अभी हिरासत में नहीं है, लेकिन जल्द ही उसे हिरासत में लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका अधिकारी की भारत से प्रत्यर्पण की मांग करेगा।
जहाँ अमेरिका के अधिकारी गुरिंदरजीत सिंह को ‘पुलिस प्रमुख’ बता रहे हैं, वहीं उनकी पोस्टिंग स्पष्ट नहीं है। हालांकि रिपोर्ट के अनुसार, सिंह पंजाब में स्टेशन हाउस ऑफिसर हैं।
अमेरिकी संघीय आरोपपत्रों के अनुसार, सिंह ने जग्गू भगवानपुरिया के नेतृत्व वाले एक संगठित अपराध समूह के सदस्यों के साथ मिलकर प्रतिद्वंद्वियों को झूठे मुकदमे और वसूली की धमकियाँ दीं।
अप्रैल माह में भगवनपुरिया सिंडिकेट के कैलिफोर्निया आधारित सदस्य गुरलाल सिंह ने अमेरिका में एक पीड़ित को धमकी दी और उसकी जानकारी ‘भ्रष्ट कानून प्रवर्तन अधिकारी’ को पंजाब में पहुंचाई।
इसके बाद गुरिंदरजीत सिंह ने उक्त पीड़ित और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ पंजाब में हत्या का मामला दर्ज कराया।
यह मामला दोनों देशों के बीच कानून व्यावस्था और आपराधिक सहयोग की चुनौतियों को भी उजागर करता है। अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा उठाया गया यह कदम पुलिस व्यवस्था की पारदर्शिता और कानूनी प्रक्रियाओं की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।