• Fri. Jul 10th, 2026

ग्रेटर नोएडा: फर्जी लोन एप कॉल सेंटर का खुलासा

बिसरख कोतवाली पुलिस ने साइबर ठगी के गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित अजनारा होम्स सोसाइटी के फ्लैट में फर्जी कॉल सेंटर चलाकर देशभर के लोगों को ऋण दिलाने का झांसा देकर ठगी कर रहे थे। पुलिस ने उनके पास से तीन मोबाइल, डायरी, लैपटॉप, व्हाट्सएप चैट, फर्जी अप्रूवल लेटर आदि बरामद किए हैं। उनके खिलाफ आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, दिल्ली, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश आदि राज्यों से शिकायतें मिलीं हैं। आरोपी दो माह में 100 से अधिक लोगों से करीब एक लाख ठगी कर चुके हैं।एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र सिंह का कहना है कि 8 जुलाई की रात पुलिस को सोसाइटी के टावर-ई से की जा रही ठगी की जानकारी मिली। संबंधित मोबाइल नंबर को राष्ट्रीय साइबर पोर्टल पर जांचने पर पहले से शिकायत दर्ज मिली।

इसके बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ा। आरोपियों की पहचान गाजियाबाद निवासी सागर चौहान और मथुरा निवासी कुलदीप के रूप में हुई है। दोनाें लोन 112, रूपी 112 और अन्य फर्जी एप के नाम पर कॉल कर पहले कम अवधि का लोन देने का झांसा देते थे। बाद में अधिक राशि का लोन स्वीकृत कराने का झांसा देकर पहले वाले लोन को बंद कराने के नाम पर भुगतान कराते थे। रकम जमा होने के बाद न तो बड़ा लोन मिलता था और न ही पहले का लोन बंद किया जाता था।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )