सेक्टर-62 जयपुरिया चौराहे पर तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। अंतिम संस्कार के बाद महिला के पति ने प्राथमिकी दर्ज करवाई है।
पुलिस के मुताबिक, गाजियाबाद के नेहरू नगर निवासी नीरज कुमार अग्रवाल ने बताया कि 13 जुलाई को पत्नी शिवानी अग्रवाल किसी काम से नोएडा आई थीं। साथ में बेटी अंशिका अग्रवाल भी थी। शाम को घर लौटने के दौरान दोनों जैसे ही जयपुरिया चौराहे के पास पहुंचीं, गाजियाबाद नंबर के वाहन ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। राहगीरों ने उन्हें सेक्टर-62 के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। इलाज के दौरान 14 जुलाई को शिवानी की मौत हो गई। अंशिका का इलाज चल रहा है। सेक्टर-58 थाना प्रभारी अमित तोमर ने बताया कि जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ लिया जाएगा।

