• Mon. Sep 28th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

​UP : नोएडा हवाई अड्डे के पास बालिका आवासीय विद्यालय विमानन के उत्कृष्टता केंद्र के रूप में होगा विकसित..

Education : जेवर स्थित नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास 480 सीटों वाला सर्वोदय बालिका आवासीय विद्यालय अगले शैक्षणिक सत्र (अप्रैल 2027) से शुरू होने की उम्मीद है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने हवाई अड्डे से इसकी समीपता को देखते हुए इसे विमानन (Aviation) के क्षेत्र में उत्कृष्टता केंद्र (Centre of Excellence) के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है, ताकि छात्राओं को एविऐशन सेक्टर में करियर बनाने के लिए तैयार किया जा सके।
​समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा, “हमारा उद्देश्य राज्य की बेटियों को न केवल गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा प्रदान करना है, बल्कि उन्हें विमानन जैसे उभरते क्षेत्रों में करियर बनाने के लिए सक्षम बनाना भी है। सर्वोदय विद्यालय उनकी आकांक्षाओं को नई उड़ान देने में मील का पत्थर साबित होगा।”
​अधिकारियों के अनुसार, इस स्कूल को एक विश्वस्तरीय शैक्षणिक संस्थान के रूप में विकसित करने के लिए द दून स्कूल (The Doon School) अकादमिक मेंटरशिप और संस्थागत सहायता प्रदान करेगा। दून स्कूल के अनुभवी शिक्षक और विशेषज्ञ नियमित रूप से परिसर का दौरा करेंगे तथा शिक्षण विधियों, स्कूल प्रशासन और सह-पाठ्यचर्या (co-curricular) गतिविधियों में मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
​बोर्डिंग स्कूल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (BSAI) की सीईओ सपना सुकुल ने कहा कि इस सहयोग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचे। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में इस संगठन से जुड़े और भी बोर्डिंग स्कूल इस पहल से जुड़ेंगे।
​इस बीच, जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह ने करीब 25 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाले एक आधुनिक कंपोजिट स्कूल की आधारशिला भी रखी है।
​यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) द्वारा उपलब्ध कराई गई लगभग छह एकड़ जमीन पर उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा इस स्कूल का निर्माण किया जाएगा। यहाँ प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12वीं तक की शिक्षा दी जाएगी, जिसमें स्मार्ट क्लासरूम, साइंस और कंप्यूटर लैब, लाइब्रेरी और खेल सुविधाएं शामिल होंगी।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)