• Sat. Sep 12th, 2026

ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में होगा UP इंटरनेशनल ट्रेड शो, प्रवेश रहेगा मुफ्त; जानें टाइमिंग और खासियत

ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) में उत्तर प्रदेश की कला, संस्कृति, शिल्प, व्यंजनों और अलग-अलग क्षेत्रों के उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजन में प्रवेश निशुल्क रहेगा और पार्किंग के साथ सुरक्षा की भी व्यवस्था होगी। यह आयोजन प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए अहम अवसर माना जा रहा है।

शो में ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ (ODOP) और ‘एक जिला, एक उत्पाद’ (ODDC) के अलावा युवा उद्यमियों और एमएसएमई यानी सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के उत्पादों और सेवाओं को खास जगह दी जाएगी।

स्टार्टअप, डिफेंस एवं एयरोस्पेस, ऑटो एवं इलेक्ट्रिक वाहन, सिविल एविएशन एवं एमआरओ के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी जैसे आधुनिक और तकनीकी क्षेत्रों में हो रहे नवाचार भी यहां प्रदर्शित किए जाएंगे।

औद्योगिक आधारभूत ढांचे को मजबूत करने वाली औद्योगिक अवस्थापना परियोजनाओं के साथ बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं को भी ट्रेड शो में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा तेजी से विकसित हो रहे रिटेल, ई-कामर्स, लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग सेक्टर भी आयोजन का हिस्सा होंगे।

शिक्षा एवं कौशल विकास से जुड़े उत्पादों और सेवाओं के साथ प्रिंट एवं पैकेजिंग, कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र, हार्टिकल्चर और फूड प्रोसेसिंग में हुई प्रगति को भी शो में प्रदर्शित किया जाएगा।

इन क्षेत्रों के उत्पाद भी होंगे शामिल

फिशरी एवं पशुपालन, फार्मा एवं हेल्थकेयर जैसे क्षेत्रों को भी ट्रेड शो में प्रतिनिधित्व मिलेगा। टिकाऊ भविष्य से जुड़े नवीकरणीय ऊर्जा, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों को भी इसमें शामिल किया गया है।

हैंडलूम, हैंडीक्राफ्ट, खादी एवं टेक्सटाइल के अलावा वुडवर्क एवं फर्नीचर के उत्पाद भी प्रदर्शित किए जाएंगे। वहीं स्पोर्ट्स-ट्वॉय, बेबी केयर, लेदर गुड्स और फुटवियर से जुड़े उत्पाद भी शो में देखने को मिलेंगे।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश में पर्यटन से जुड़े अवसरों तथा फिल्म उद्योग से संबंधित विभिन्न क्षेत्रों के उत्पादों और सेवाओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

प्रवेश पूरी तरह निशुल्क

ट्रेड शो में एंट्री के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। आगंतुक क्यूआर कोड के जरिए पंजीकरण कर सकते हैं। बिजनेस विजिटर्स के लिए प्रवेश का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा, जबकि आम दर्शक दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक प्रवेश कर सकेंगे।

आयोजन स्थल पर निशुल्क पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा रिटेल बिक्री और आकर्षक लकी ड्रॉ की सुविधा भी रखी जाएगी।

उद्यमियों और औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को सफल बनाने के उद्देश्य से जिले के उद्यमियों और औद्योगिक संगठनों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गई। इस दौरान उद्योग प्रतिनिधियों से ट्रेड शो को लेकर उनकी अपेक्षाओं, सुझावों और आवश्यकताओं पर चर्चा हुई।

एडीएम प्रशासन ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निवेश की संभावनाओं, नवाचार और उद्यमिता को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामने रखने का महत्वपूर्ण अवसर है।

उन्होंने कहा कि गौतमबुद्धनगर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक केंद्र के तौर पर इस आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। जिले के प्रतिष्ठित उद्योगों की भागीदारी से स्थानीय उत्पादों, आधुनिक तकनीक और नवाचार को बड़े बाजार तथा संभावित निवेशकों तक पहुंचाने में सहायता मिलेगी।

उन्होंने उद्योग प्रतिनिधियों से आयोजन में भाग लेकर देश-विदेश से आने वाले खरीदारों, निवेशकों और व्यापारिक प्रतिनिधियों के साथ व्यापारिक साझेदारी की संभावनाओं को आगे बढ़ाने की अपील की।

बैठक में डीसीपी रवि शंकर निम, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार मिश्र, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, एसीपी ग्रेटर नोएडा कृष्णपाल सिंह और सीईओ इंडिया एक्सपो मार्ट ग्रेटर नोएडा सुदीप सरकार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

वीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था की भी तैयारी

बैठक में ट्रेड शो के दौरान वीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी योजना तैयार की गई। यातायात प्रबंधन, वीआईपी मूवमेंट, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग और आयोजन स्थल तक सुगम आवागमन जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

इसके साथ ही साफ-सफाई, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था, साइनेज, ब्रांडिंग और आगंतुकों की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर भी अधिकारियों ने विचार-विमर्श किया।

एडीएम मंगलेश दुबे ने कहा कि यह शो उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास, निवेश, व्यापार और उद्यमिता को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है।

उन्होंने यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा आगंतुकों को सुगम और सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

यातायात प्रबंधन के लिए आवश्यक बैरिकेडिंग, डायवर्जन और दिशा-सूचक बोर्ड लगाने, पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था, शटल सेवा, सीसीटीवी निगरानी और पुलिस बल की तैनाती पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा आयोजन स्थल की स्वच्छता, पेयजल, बिजली, प्रकाश व्यवस्था और प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाओं को सुनिश्चित करने की बात कही गई।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)