• Mon. Sep 14th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

नोएडा: दोस्ती के बाद मांगी 5 करोड़ की रंगदारी

वीडियो चैट और लाइव स्ट्रीमिंग एप पर मुंबई के दंपती ने 22 साल के बीटेक छात्र को अपने जाल में फंसाया फिर 50 लाख रुपये ऐंठ लिए। इसके बाद महिला शादी के लिए दबाव बनाने लगी। उनकी हकीकत जानने के बाद छात्र ने इन्कार किया तो पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने लगे। उसे गुमसुम देख परिजनों को भनक लगी तो वे पुलिस के पास गए लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित परिवार ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। सेशन कोर्ट सूरजपुर के आदेश पर सेक्टर-24 थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई है

सेक्टर-33 निवासी व्यक्ति ने बताया है कि उसका बेटा बीटेक फाइनल ईयर में है। वह 2025 में मोबाइल पर अधिक समय बिताने लगा था। परिजनों के पूछने पर उसने बताया कि वह एप और वेबसाइट पर लाइव स्ट्रीमिंग और गेमिंग वीडियो देखता है। इस एप के जरिये वह लाइव स्ट्रीम करके मुनाफा भी कमाता था। परिजन के मुताबिक, प्लेटफॉर्म पर छात्र की पहचान रतनदीप खन्ना से हुई। उसने छात्र को कहा कि एप पर जसलीन उर्फ एंजल खन्ना उर्फ ज्योति खन्ना उर्फ ज्योति सरदार की आईडी पर जितनी ऑनलाइन कॉइन गिफ्ट करेगा वह उतना ही उसके कहे अनुसार करेगी। उसकी बातों में आकर छात्र ने कुछ कॉइन खरीदकर गिफ्ट गिए।

इसके बाद छात्र और जसलीन के बीच दोस्ती हो गई। आरोप है कि जसलीन ने धीरे-धीरे छात्र को अपने प्यार के जाल में फांस लिया और बड़ी मात्रा में कॉइन भेजने के लिए उकसाने लगी। मई तक छात्र ने स्ट्रीमिंग एप पर कॉइन खरीदने में 50 लाख रुपये खर्च कर दिए थे। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे के मोबाइल नंबर भी ले लिए और उनके बीच लंबी बातचीत होने लगी। जून 2025 के पहले सप्ताह में जसलीन अपनी बहन क्रिस्टी उर्फ स्मिता के साथ छात्र से मिलने नोएडा आई थी। तब उसने छात्र के सामने शादी का प्रस्ताव रखा था। उसने अपना एक आधार कार्ड भी दिया, जिस पर उसका नाम जसलीन दर्ज था। इस बारे में छात्र ने परिवार को बताया तो उन्होंने महिला के बारे में छानबीन की। इसमें पता चला कि जसलीन पहले से विवाहित है। रतनदीप खन्ना ही उसका पति है। दोनों का एक बेटा भी है। पोल खुलने के बाद महिला ने कहा कि वह पति को छोड़ना चाहती है लेकिन छात्र ने शादी से इन्कार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद दंपती उसे डरा-धमकाकर रुपये मांगने लगे। थाना प्रभारी उमेश नैथानी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )