साउथ के सुपरस्टार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलापति विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ को लेकर दर्शकों के लिए नया अपडेट सामने आया है. 23 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म से मेकर्स को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. इसके बाद 21 अगस्त को इसका तमिल और तेलुगु वर्जन जी5 पर स्ट्रीम कर दिया गया था. अब फिल्म हिंदी भाषा में भी ओटीटी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो गई है.
हिंदी में ‘जन नायकन’ कहां देख सकते हैं?
फिल्म के हिंदी वर्जन का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए अब अच्छी खबर है. ‘जन नायकन’ का हिंदी वर्जन जी5 पर स्ट्रीम किया जा रहा है. मेकर्स ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी आधिकारिक जानकारी साझा की है. जी5 के ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल से फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए बताया गया कि थलपति विजय की आखिरी फिल्म ताकत, बदलाव और बॉबी देओल के साथ टकराव की कहानी है.
पोस्ट के साथ लिखा गया, ‘थलपति विजय की आखिरी फिल्म ताकत, बदलाव और बॉबी देओल के साथ टकराव की कहानी है. ‘जन नेता’- अभी देखें, सिर्फ जी5 हिंदी पर.’ खास बात यह है कि हिंदी दर्शकों के लिए फिल्म का नाम ‘जन नेता’ रखा गया है.
फिल्म की स्टारकास्ट और कहानी से जुड़ी जानकारी
‘जन नायकन’ में बॉबी देओल ने विलेन की भूमिका निभाई है. फिल्म की कहानी में थलपति विजय और बॉबी देओल एक-दूसरे के सामने नजर आते हैं. इनके अलावा पूजा हेगड़े, प्रकाश राज, गौतम वासुदेव मेनन, नारायण, प्रियामणि और ममिता बैजू भी फिल्म का हिस्सा हैं और अहम किरदार निभाते दिखाई देते हैं.
एच. विनोथ ने इस पॉलिटिकल एक्शन ड्रामा का निर्देशन किया है. फिल्म को 23 जुलाई को थिएटर्स में रिलीज किया गया था, जबकि इसके प्रोड्यूसर वेंकट के. नारायण हैं.
‘जन नायकन’ ने बॉक्स ऑफिस पर कितनी कमाई की?
सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट में सामने आए आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने दुनियाभर में 324.54 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है. इसमें भारतीय बॉक्स ऑफिस से फिल्म ने 231.04 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई की, जबकि विदेशी बाजार से 93.50 करोड़ रुपये जुटाए.
रिपोर्ट के मुताबिक, ‘जन नायकन’ का वर्ल्डवाइड नेट कलेक्शन 198.43 करोड़ रुपये रहा है. ये आंकड़े फिल्म के 1,32,671 शोज के आधार पर बताए गए हैं.

