सोशल मीडिया पर सलमान खान का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें अभिनेता गणपति बप्पा के दर्शन करने के बाद अपनी कार की ओर लौटते नजर आ रहे हैं. इसी दौरान भीड़ के बीच एक बच्चे को परेशानी में देखकर सलमान अचानक रुक जाते हैं. आखिर ऐसा क्या हुआ, जिसकी वजह से उन्हें बच्चे के लिए रुकना पड़ा? आइए जानते हैं पूरा मामला.
बॉलीवुड स्टार सलमान खान इन दिनों मुंबई में हो रहे गणेश चतुर्थी समारोहों में लगातार नजर आ रहे हैं. हाल ही में वह अंबानी परिवार के घर गणपति दर्शन के लिए पहुंचे थे. इसके बाद अभिनेता अपनी बहन अर्पिता खान और भाई सोहेल खान के घर भी गए. अब उनका एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें वह महाराष्ट्र के मंत्री आशीष शेलार के घर आयोजित गणेश चतुर्थी समारोह में बप्पा के दर्शन करते दिखाई दिए.
दर्शन करने के बाद जब सलमान घर से बाहर आए, तब उन्हें देखने के लिए फैंस और पैपराजी की भारी भीड़ वहां मौजूद थी. बढ़ती भीड़ को देखते हुए अभिनेता ने लोगों से पीछे हटने और रास्ता देने की अपील की. सलमान ने हाथ जोड़कर भी लोगों से रास्ता खाली करने का आग्रह किया.
भीड़ ज्यादा होने पर सलमान की सिक्योरिटी टीम उन्हें उनकी कार तक ले जाने लगी. इसी बीच एक बच्चा भीड़ में बॉडीगार्ड के धक्के की चपेट में आ गया. जैसे ही सलमान की नजर बच्चे पर पड़ी, उन्होंने आगे बढ़ने के बजाय वहीं रुककर स्थिति देखी. इसके बाद अभिनेता ने बच्चे से हाथ मिलाया और उसे भीड़ से बाहर आने में मदद की. बच्चे को सुरक्षित निकालने के बाद ही सलमान अपनी कार की ओर रवाना हुए.
फैन का पैर कार के नीचे आने पर ड्राइवर पर भड़के सलमान
गणपति उत्सव के दौरान सलमान खान का एक और वीडियो भी सामने आया, जिसमें वह अपने ड्राइवर से नाराज नजर आए. बताया गया कि एक फैन का पैर उनकी कार के नीचे आ गया था. इस घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
वीडियो में सलमान कार की फ्रंट सीट पर बैठे दिखाई देते हैं और ड्राइवर से सख्ती से बातचीत करते नजर आते हैं. वीडियो को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि अभिनेता ड्राइवर से हुई घटना के बारे में सवाल कर रहे थे.
आरती के दौरान भी हुई थी सलमान से गलती
कुछ दिन पहले भी सलमान खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में आया था. इसमें अभिनेता गणपति बप्पा की आरती गलत दिशा में करते हुए दिखाई दिए थे. कुछ देर बाद उनकी बहन अर्पिता ने उन्हें रोककर आरती करने का सही तरीका समझाया. इसके बाद सलमान ने तुरंत अपनी गलती सुधार ली थी.

