लंबे समय से रिलीज का इंतजार कर रही हुमा कुरैशी और मृणाल ठाकुर की फिल्म ‘पूजा मेरी जान’ को आखिरकार OTT पर आने का रास्ता मिल गया है। निर्देशक नवजोत गुलाटी की इस सोशल थ्रिलर को 2022 में ही पूरा कर लिया गया था, लेकिन किसी वजह से यह दर्शकों तक नहीं पहुंच पाई। चार साल की इस देरी के दौरान फिल्म को लेकर मेकर्स और निर्देशक के बीच मतभेद भी सामने आए। अब ZEE5 ने फिल्म का टीजर साझा करते हुए इसकी रिलीज की तारीख घोषित कर दी है।
गांधी जयंती पर OTT पर आएगी फिल्म
ZEE5 ने जानकारी दी है कि ‘पूजा मेरी जान’ 2 अक्टूबर 2026 को प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम होगी। यह तारीख गांधी जयंती की है। फिल्म के टीजर के साथ प्लेटफॉर्म ने ऐसी कहानी का संकेत दिया, जो दर्शकों को अपनी सोच और धारणाओं पर दोबारा विचार करने के लिए मजबूर कर सकती है।
टीजर के कैप्शन में लिखा गया, ‘कुछ कहानियां आपको यह सोचने पर मजबूर करती हैं कि आप क्या देख रहे हैं। कुछ आपको अपनी मान्यताओं पर सवाल उठाने के लिए प्रेरित करती हैं। यह कहानी आपको इन सबके बीच की हर चीज पर सवाल उठाने पर मजबूर कर देगी।’
दिनेश विजन और अमर कौशिक के प्रोडक्शन में बनी यह फिल्म जुनून और शक के उन पहलुओं को दिखाती है, जिनका असर किसी व्यक्ति की जिंदगी पर गंभीर रूप से पड़ सकता है। कहानी में आरोपों और सामाजिक पूर्वाग्रहों के बीच पैदा होने वाली परिस्थितियों को भी जगह दी गई है।
मृणाल ठाकुर और हुमा कुरैशी के साथ फिल्म में विजय राज और विक्रम सिंह चौहान भी दिखाई देंगे। इसके स्क्रीनप्ले और डायलॉग्स नीरेन भट्ट ने तैयार किए हैं, जबकि विपाशा अरविंद ने सह-निर्देशन की जिम्मेदारी संभाली है।
टीजर में दिखाई दी पूजा की दर्दनाक कहानी की झलक
फिल्म का टीजर एक ऐसे मैसेज से शुरू होता है, जो प्यार के साथ-साथ डर का एहसास भी कराता है। पूजा को उसका प्रेमी लिखता है, ‘डियर पूजा, अगर तुम ‘हां’ बोल दो तो हमारा प्यार इतिहास बनाएगा। और अगर तुमने ‘ना’ बोला तो मैं इतिहास बन जाऊंगा।’
इसके बाद टीजर में कहानी के अलग-अलग भाव देखने को मिलते हैं। कुछ पलों में प्यार और रोमांस नजर आता है, जबकि दूसरे दृश्यों में पूजा को बुरी तरह परेशान होते, चीखते और रोते हुए दिखाया गया है। लगभग 35 सेकेंड के इस वीडियो में हुमा कुरैशी के किरदार की झलक भी मिलती है। वह फिल्म में वकील बनी हैं और पूजा को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करती दिखाई देंगी।
प्रेमी की मौत के आरोपों के बीच फंसेगी पूजा
फिल्म की कहानी पूजा नाम की एक युवती की जिंदगी पर केंद्रित है। उसकी मुश्किलें तब बढ़ जाती हैं, जब वह एक ऐसे शख्स से परेशान होती है जिसका प्यार जुनून की हद तक पहुंच चुका है और जो लगातार उसका पीछा करता है।
मृणाल ठाकुर इस फिल्म में पूजा की भूमिका निभा रही हैं। उसके प्रेमी अनिकेत की आत्महत्या के बाद उस पर उसे ऐसा कदम उठाने के लिए उकसाने का आरोप लगता है। हालात ऐसे बन जाते हैं कि लोग बिना पूरी सच्चाई जाने पूजा को ही जिम्मेदार मानने लगते हैं।
इस कठिन समय में पूजा की दोस्त सना उसके साथ खड़ी रहती है। हुमा कुरैशी द्वारा निभाया गया यह किरदार पेशे से वकील है। वह अपनी दोस्त को आरोपों से बाहर निकालने और उसे इंसाफ दिलाने के लिए अदालत में लड़ाई लड़ती है। हालांकि, इस कानूनी संघर्ष के दौरान सना खुद भी एक पेचीदा स्थिति में उलझ जाती है।
फिल्म के जरिए यह दिखाने की कोशिश की गई है कि किसी के बारे में बनाई गई गलत धारणा, समाज का पूर्वाग्रह और बेबुनियाद आरोप किस तरह उसकी जिंदगी को बदल सकते हैं।
JioCinema पर रिलीज की थी शुरुआती योजना
‘पूजा मेरी जान’ को पहले JioCinema पर रिलीज करने की तैयारी थी। लेकिन Disney+ Hotstar के साथ मर्जर के बाद फिल्म की रिलीज की योजना प्रभावित हुई और यह लंबे समय तक अटकी रही।
मृणाल ठाकुर और हुमा कुरैशी ने अगस्त 2022 में ही फिल्म की शूटिंग पूरी कर ली थी। इसके बावजूद फिल्म को रिलीज होने के लिए कई साल इंतजार करना पड़ा।
फरवरी 2026 में नवजोत गुलाटी ने इस देरी को लेकर अपनी नाराजगी सार्वजनिक की थी। ‘वैरायटी इंडिया’ से बातचीत के दौरान उन्होंने अपने पिता को याद करते हुए बताया कि 2024 में उनका निधन हो गया था। निर्देशक के अनुसार, उनके पिता अपनी जिंदगी के अंतिम महीनों में बार-बार फिल्म की रिलीज के बारे में पूछा करते थे।
अमर कौशिक पर निर्देशक ने लगाए थे ये आरोप
फिल्म के रिलीज न होने को लेकर नवजोत गुलाटी ने को-प्रोड्यूसर अमर कौशिक के रवैये पर भी सवाल उठाए थे। गुलाटी का दावा था कि अक्टूबर 2025 के बाद से अमर कौशिक ने उनके फोन कॉल और संदेशों का जवाब नहीं दिया।
निर्देशक ने अपनी परेशानी जाहिर करते हुए कहा था, ‘मैं कॉल और टेक्स्ट करके थक गया हूं, फिर भी कोई जवाब नहीं मिलता। सबके सामने इसलिए बात कर रहा हूं, क्योंकि कोई जवाबदेही नहीं है। फिल्म अभी भी प्रासंगिक और काम की है। अगर मैं अभी कोशिश नहीं करूंगा तो मुझे डर है कि यह कभी रिलीज नहीं हो पाएगी, क्योंकि प्रोड्यूसर्स को इसकी कोई परवाह नहीं है।’
अब ZEE5 की ओर से रिलीज डेट सामने आने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों का इंतजार खत्म होने जा रहा है। ‘पूजा मेरी जान’ 2 अक्टूबर 2026 को OTT पर रिलीज होगी।

