महाराष्ट्र में चलती ट्रेन पर पथराव का मामला सामने आया है। नागपुर से मुंबई जा रही ट्रेन नंबर 12290 दुरंतो एक्सप्रेस पर शुक्रवार रात करीब 8:27 बजे बोरखेड़ी स्टेशन के पास कुछ अज्ञात लोगों ने पत्थर फेंके।
अचानक हुए इस पथराव से ट्रेन के तीन AC कोच A-1, B-2 और B-5 की खिड़कियों के शीशे टूट गए। घटना के बाद ट्रेन में बैठे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।
ट्रेन की खिड़कियों पर लगे सुरक्षा कांच की वजह से पत्थर अंदर नहीं आ सके। इससे यात्रियों को किसी बड़े नुकसान से बचा लिया गया। ट्रेन में मौजूद एस्कॉर्ट स्टाफ और यात्रियों ने भी बताया कि पत्थर बाहर से फेंके गए थे।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने जांच शुरू कर दी। रेलवे अधिनियम की धारा 153 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बोरखेड़ी-सिंधी सेक्शन के आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है।
सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने बोरखेड़ी और सिंधी के बीच किलोमीटर 803 से 796 तक रेलवे ट्रैक के आसपास तलाशी अभियान चलाया। टीम ने पास के बोरखेड़ी और ब्राह्मणी गांवों में भी जाकर लोगों से पूछताछ की।
पुलिस ने स्थानीय पुलिस पाटिल और ग्रामीणों से घटना के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की। हालांकि, शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध व्यक्ति या पुख्ता सुराग नहीं मिला है। अब अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि ट्रेन पर पत्थर आखिर किस जगह से फेंके गए थे।
अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
रेलवे प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। 26 सितंबर को तड़के 2:55 बजे रेलवे अधिनियम की धारा 153 के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध संख्या 325/2026 दर्ज किया गया।
रेलवे पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच जारी है। पुलिस पथराव करने वालों की पहचान करने में जुटी है और आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।

