आयुष्मान खुराना ने फिल्मों, स्टारडम और अपने करियर को लेकर खुलकर बात की है। उनका कहना है कि उनके लिए किसी फिल्म का सबसे बड़ा हीरो उसका कलाकार नहीं, बल्कि उसकी कहानी होती है।
मुंबई में हुए FICCI Frames 2026 के दौरान आयुष्मान ने बताया कि उन्होंने अपने करियर में अलग-अलग तरह की फिल्मों में काम किया है। अब वह फिर से उसी तरह के सिनेमा की तरफ लौटना चाहते हैं, जिसने उन्हें अलग पहचान दिलाई थी। उनके मुताबिक, असली और जमीन से जुड़ी कहानियां आज भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच सकती हैं।
आयुष्मान ने आज के दौर के स्टारडम पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि अब स्टार बनने का मतलब पहले जैसा नहीं रह गया है। सोशल मीडिया, यूट्यूब और दूसरे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की वजह से अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग तरह के स्टार मौजूद हैं।
एक्टर ने यह भी बताया कि लोगों से जुड़ना उनके लिए हमेशा जरूरी रहा है। रेडियो और टीवी से करियर शुरू करने की वजह से उन्हें लोगों से बातचीत करने की आदत रही है। उनका मानना है कि जमीन से जुड़े लोगों से मिलना-जुलना उनके अंदर के कलाकार को जिंदा रखता है।
आयुष्मान की अगली फिल्म ‘उड़ता तीर’ है, जिसमें वह एक बार फिर अपने पसंदीदा अंदाज की कहानी के साथ नजर आने वाले हैं। फिल्म 9 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

