• Sun. Jun 21st, 2026

गुरुग्राम: मानेसर और सोहना रूट पर चलेंगी अधिक संख्या में e बसें

जिले के लोगों को 30 दिनों में ई-बसों की सेवा शुरू होने जा रही है। इसके संचालन से शहरवासियों को प्रदूषण मुक्त, सुविधाजनक और किफायती यात्रा का विकल्प मिलेगा। लोगों की मांग पर विशेष रूप से मानेसर और सोहना रूट पर बसों की संख्या ज्यादा रखी जाएगी। जिले को 200 ई- बसे मिलने वाली है जिससे यात्रियों को सफर करने में आसानी होगी।ई-बसों के संचालन की योजना अंतिम चरण में है।

पीक आवर के दौरान यात्रियों को लंबा इंतजार न करना पड़े, इसके लिए हर 30 मिनट के अंतराल पर बसें चलाने की व्यवस्था की जा रही है। इससे नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।शहर में बढ़ते ट्रैफिक और प्रदूषण की समस्या को देखते हुए ई-बस सेवा लाभदायक माना जा रहा है। प्रशासन का दावा है कि इस सेवा से निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी और लोगों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध हो सकेगा। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, बसों के संचालन से जुड़ी तैयारियां तेजी से चल रही हैं और अगले 30 दिनों के भीतर सेवा शुरू होने की संभावना है। ई-बसों के शुरू होने से गुरुग्राम, मानेसर और सोहना क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की संख्या और मांग के आधार पर भविष्य में अन्य रूटों पर भी ई-बसों का विस्तार किया जा सकता है। सेक्टर-9 निवासी अमित कुमार ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के लिए ई-बसें जरूरी है। इससे प्रदूषण कम होगा और लोगों को आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी। वहीं नौकरी पेशा आरती ने बताया कि अगर पीक आवर में हर 30 मिनट पर बस मिलेगी तो दफ्तर और अन्य कार्यों के लिए आने-जाने में काफी सहूलियत होगी।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )