• Wed. Sep 30th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

ग्रेटर नोएडा: योग सप्ताह के पाँचवें दिवस विकास भवन में आयोजित हुआ योग अभ्यास शिविर

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित योग सप्ताह के पाँचवें दिन मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी जी की उपस्थिति में विकास भवन में योग अभ्यास शिविर का आयोजन किया गया।शिविर में आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक कुलभूषण धर दुबे एवं मनीष धर दुबे द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया तथा योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने हेतु प्रेरित किया गया .कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. वंदना रानी, जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. प्रीति सिंघल, जनपद के आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारी, फार्मासिस्ट एवं अन्य समस्त कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योगाभ्यास किया।


इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन से अपील करते हुए कहा कि 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले सामूहिक योग अभ्यास कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करें तथा योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाएं। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य में वृद्धि होती है तथा व्यक्ति स्वस्थ, संतुलित एवं दीर्घायु जीवन प्राप्त कर सकता है।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. वंदना रानी तथा जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. प्रीति सिंघल ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि नियमित योग अभ्यास स्वस्थ, निरोग एवं दीर्घायु जीवन का आधार है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग करने तथा आगामी 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का आह्वान किया, जिससे कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके।

योग सप्ताह के अंतर्गत एक अन्य योग शिविर का आयोजन केसीसी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, ग्रेटर नोएडा में भी किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं एवं संस्थान के कर्मचारियों को योग के महत्व, लाभ एवं स्वस्थ जीवनशैली में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी प्रदान की गई तथा योगाभ्यास कराया गया।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )