Report By : ICN Network
मिल्कीपुर उपचुनाव को लेकर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को खुली छूट दी है। कहा कि ‘ यदि गन पॉइंट पर गड़बड़ हो तो कार्यकर्ताओं को जो निर्णय लेना हो लें…’
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक प्रेस वार्ता में विभिन्न मुद्दों पर अपनी राय रखी। स्वामी विवेकानंद की जयंती पर उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए उनके उद्धारण का उल्लेख किया। अखिलेश ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने यह कहा था कि ‘धर्म से ज्यादा रोटी की जरूरत है’ और यह कि गरीबों को धार्मिक उपदेश देने की बजाय उन्हें उनके जीवन यापन की समस्याओं का समाधान देना चाहिए।
इसके बाद, उन्होंने मिल्कीपुर उपचुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मिल्कीपुर चुनाव में गन पॉइंट पर गड़बड़ी की गई। अखिलेश ने अपने कार्यकर्ताओं को खुली छूट देते हुए कहा कि अगर गड़बड़ी हो तो उस समय जो भी निर्णय लेना हो, वह लेना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि मजबूत राजनीतिक दल का साथ दिया जाना चाहिए और इंडिया गठबंधन मजबूत है और भविष्य में भी मजबूत रहेगा
इसके अलावा, सपा अध्यक्ष ने कन्नौज रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि यह हादसा भाजपा के भ्रष्टाचार के कारण हुआ। अखिलेश ने कहा कि ठेकेदार ठेके लेकर बिना काम किए दूसरों को दे देते हैं, जिससे काम की गुणवत्ता और सुरक्षा दोनों की उपेक्षा होती है। उन्होंने सरकार से मांग की कि घायल के परिवारों को तत्काल मुआवजा दिया जाए और भाजपा सरकार इस हादसे की जिम्मेदारी स्वीकार करे

