Report By : ICN Network
नई दिल्ली / मुंबई: केंद्र सरकार ने अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री परोसने वाले ऐप्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ALT बालाजी, उल्लू सहित 25 ऐप्स और वेबसाइट्स पर प्रतिबंध लगा दिया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने इंटरनेट सेवा प्रदाताओं को इन ऐप्स की सार्वजनिक पहुंच तत्काल बंद करने के निर्देश दिए हैं।
सरकार का कहना है कि ये ऐप्स अश्लील कंटेंट के माध्यम से समाज पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहे थे, जो कानूनन गंभीर अपराध है।
इन ऐप्स पर लगा प्रतिबंध:
बैन की सूची में शामिल प्रमुख ऐप्स और प्लेटफॉर्म हैं:
ALT बालाजी, उल्लू, बिग शॉट्स ऐप, डेसिफ्लिक्स, बूमेक्स, नवरसा लाइट, गुलाब ऐप, कंगन ऐप, जलवा ऐप, वाओ एंटरटेनमेंट, हॉटएक्स VIP, मूडएक्स, मोजफ्लिक्स, फेनेओ, ट्राइफ्लिक्स, अड्डा टीवी, लुक एंटरटेनमेंट, सोल टॉकीज, शोएक्स, बुल ऐप, हिटप्राइम, नियोनएक्स VIP, हलचल ऐप, फूगी आदि।
किस आधार पर हुई कार्रवाई:
सरकार ने इन ऐप्स के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 67 और 67A, भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 294 और अश्लील चित्रण निषेध अधिनियम, 1986 की धारा 4 के तहत कार्रवाई की है।
इन कानूनों के तहत ऐसे किसी भी कंटेंट को दंडनीय अपराध माना गया है, जो महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाता हो, सामाजिक मूल्यों को प्रभावित करता हो या अश्लीलता फैलाता हो।
सरकार का संदेश साफ है — इंटरनेट पर अश्लीलता फैलाने वाले डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब इंटरनेट सेवा प्रदाताओं को आदेश दिया गया है कि वे इन सभी प्लेटफॉर्म्स की पहुंच देश में पूरी तरह से रोक दें।

