• Sun. Oct 4th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

नोएडा: ट्यूबवेल की हौदी में डूबने से बच्चे की मौत मामले की जांच शुरू हो गई 

सेक्टर-122 की ग्रीन बेल्ट स्थित प्राधिकरण के ट्यूबवेल की हौदी में डूबने से बच्चे की मौत मामले की जांच शुरू हो गई है। वहीं, परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराएबच्चे के शव का अपने पैतृक गांव सीतापुर में अंतिम संस्कार कर दिया।सीतापुर जिले के खरतौना गांव निवासी शिराजुद्दीन आलम अपने परिवार के साथ सेक्टर-122 की झुग्गियों में रहते हैं। वह नोएडा प्राधिकरण के हॉर्टिकल्चर विभाग में दैनिक मजदूरी पर काम करते हैं। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे उनका चार वर्षीय बेटा फिरोज आलम उर्फ गोलू खेलते-खेलते झुग्गियों के पास स्थित ग्रीन बेल्ट में बने ट्यूबवेल परिसर तक पहुंच गया। बताया गया कि बच्चा ट्यूबवेल के पास लगी हौदी के किनारे पहुंचा और पाइप से हाथ धोने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पानी से भरी हौदी में गिर गया।

कुछ देर बाद आलोगों की नजर पड़ने पर बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।परिजनों ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने का निर्णय लिया। पुलिस की औपचारिक कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिवार शव को सीतापुर स्थित अपने गांव ले गया, जहां धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार अंतिम संस्कार कर दिया गया।बच्चे के पिता शिराजुद्दीन आलम की शिकायत पर पुलिस ने नोएडा प्राधिकरण के संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि सुरक्षा मानकों में कहीं लापरवाही तो नहीं बरती गई।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )