‘बिग बॉस 20’ का घर इन दिनों लड़ाई-झगड़ों और विवादों से गर्म है। कंटेस्टेंट्स के बीच चल रही बहस अब वीकेंड का वार तक पहुंच गई है। शो के नए प्रोमो में सलमान खान रिति तिवारी और आसिफ खान के व्यवहार पर सवाल उठाते नजर आ रहे हैं। प्रोमो देखकर साफ है कि इस बार वीकेंड का वार में दोनों कंटेस्टेंट्स को सलमान की फटकार सुननी पड़ सकती है।
रिति तिवारी के रवैये पर सलमान ने उठाए सवाल
प्रोमो में सलमान खान रिति तिवारी से काजी तौकीर के साथ हुई डिस बैटल को लेकर बात करते नजर आते हैं। वह रिति से सवाल करते हैं कि क्या उन्हें काजी से जलन होती है या फिर वह उन्हें लेकर असुरक्षित महसूस करती हैं।
रिति इस बात से इनकार करती हैं और कहती हैं कि उन्हें काजी बतौर इंसान पसंद नहीं हैं। इसके बाद सलमान डिस बैटल के दौरान इस्तेमाल की गई भाषा पर नाराजगी जताते हैं।
सलमान समझाते हैं कि गेम में मुकाबला और मजाक अपनी जगह है, लेकिन बात करते समय एक सीमा का ध्यान रखना जरूरी है। किसी भी बहस को इतना पर्सनल नहीं करना चाहिए कि मामला हद से आगे निकल जाए।
आसिफ खान को भी सलमान ने घेरा
रिति के बाद सलमान खान आसिफ खान के रवैये पर भी सवाल उठाते नजर आते हैं। शो में आसिफ कई बार बिग बॉस पर पक्षपात करने का आरोप लगा चुके हैं। कुछ मौकों पर उनका गुस्सा भी देखने को मिला है।
प्रोमो में सलमान आसिफ के व्यवहार और उनके गुस्से को लेकर बात करते हैं। वह उन्हें याद दिलाते हैं कि बिग बॉस के घर में नियम सभी कंटेस्टेंट्स के लिए एक जैसे हैं।
सलमान एक सवाल के जरिए आसिफ को सोचने पर मजबूर करते हैं कि अगर इसी तरह की डिस बैटल या बातें उनकी बहन को लेकर कही जातीं, तो क्या वह तब भी इसे सही मानते?
रिति और काजी की डिस बैटल ने बढ़ाया विवाद
रिति तिवारी और काजी तौकीर के बीच हुई डिस बैटल के दौरान मामला काफी गरमा गया था। दोनों के बीच हुई बहस में कई पर्सनल कमेंट्स भी सामने आए, जिसके बाद घर का माहौल बिगड़ गया।
रिति के कुछ बयानों को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा देखने को मिली। अब इस पूरे मामले पर सलमान खान वीकेंड का वार में क्या कहते हैं और रिति व आसिफ उनकी बातों पर किस तरह प्रतिक्रिया देते हैं, यह एपिसोड में देखने को मिलेगा।
फिलहाल प्रोमो ने साफ कर दिया है कि इस वीकेंड का वार में रिति तिवारी और आसिफ खान दोनों को सलमान खान के सवालों का सामना करना पड़ सकता है।

