• Tue. Sep 22nd, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

गाजियाबाद: 100 करोड़ रुपये मूल्य की 32 एकड़ जमीन को फर्जी दस्तावेजों से बेचने की साजिश रचने का मामला 

अर्थला स्थित देवीदयाल एल्मोनियम इंडस्ट्रीज प्राइवेट ग्रुप की करीब 100 करोड़ रुपये मूल्य की 32 एकड़ जमीन को फर्जी दस्तावेजों से बेचने की साजिश रचने का मामला सामने आया है। इस आरोप में पुलिस ने गौतमबुद्धनगर के सेवानिवृत्त लेखपाल समेत 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी हापुड़, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, राजस्थान और महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। जमीन देवीदयाल एल्मोनियम इंडस्ट्रीज के मालिक की है, जिसे यशोदा अस्पताल समूह को बेचने का प्रयास किया जा रहा था।

डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि साहिबाबाद थाना क्षेत्र के अर्थला में मेट्रो स्टेशन के नजदीक स्थित यह जमीन राजकुमार अग्रवाल की है। इस पर कभी पार्श्वनाथ प्रोजेक्ट प्रस्तावित था, जो वर्षों से बंद पड़ा है। नोएडा निवासी राजकुमार अग्रवाल ने गत दिनों साहिबाबाद थाने में शिकायत दी थी कि कुछ लोग उनकी जमीन को फर्जी तरीके से बेचने की कोशिश कर रहे हैं।
पुलिस ने जांच की तो पता चला कि हापुड़ के अछैजा गांव में रहने वाला सुरेंद्र सिंह खुद को राजकुमार अग्रवाल बताकर ग्राहकों से संपर्क कर रहा था। उसने राजकुमार अग्रवाल के नाम से तैयार फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक और जमीन के दस्तावेज दिखाकर करोड़ों रुपये में जमीन का सौदा भी तय कर लिया था।

पुलिस ने सोमवार को सुरेंद्र को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने बताया कि उसकी पहचान करीब 20 वर्ष से सेवानिवृत्त लेखपाल सतवीर सिंह से है। सतवीर ने उसकी मुलाकात इंदौर निवासी ब्रोकर शशि गुप्ता से कराई। इसके बाद सभी ने मिलकर अर्थला की खाली पड़ी जमीन को फर्जीवाड़े के जरिये बेचने की योजना बनाई।

योजना के तहत फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए और सुरेंद्र सिंह का एक वीडियो बनाया गया, जिसमें वह स्वयं को राजकुमार अग्रवाल बताकर जमीन बेचने की बात करता दिखाई दे रहा है। इसके बाद अन्य आरोपियों को भी विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर पकड़ लिया गया।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )