नई दिल्ली: दिल्ली में शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त कर दी गई। जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर पुलिस ने बैरिकेडिंग के साथ सड़क पर नुकीले स्पाइक भी लगाए, ताकि प्रदर्शनकारियों की आवाजाही को नियंत्रित किया जा सके।
यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बुलाया गया था। CJP चुनावी वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ियों को लेकर उनके इस्तीफे की मांग कर रही थी।
विमान से उतरते ही CJP नेताओं को हिरासत में लिया
प्रदर्शन में शामिल होने के लिए मुंबई से दिल्ली पहुंचे CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके और पार्टी के अन्य प्रमुख नेताओं सौरव दास व आशुतोष रांका को दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान के अंदर ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई के बाद पार्टी ने पुलिस पर प्रदर्शन रोकने के लिए पहले से योजना बनाकर कदम उठाने का आरोप लगाया।
दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी के कई इलाकों में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती बढ़ाई गई। प्रमुख सड़कों पर बैरिकेड लगाए गए और कई जगहों पर लोगों की आवाजाही पर पाबंदियां लगाई गईं। मेट्रो सेवाओं और ट्रेनों पर भी असर पड़ा।
CJP के प्रदर्शन से पहले हुई इस कार्रवाई ने राजनीतिक बहस को तेज कर दिया है। वहीं, प्रदर्शनकारियों की मांग है कि चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों का जवाब दिया जाए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें।

