पिछले दो वर्ष से सरकारी जमीन पर लगे पेड़ों के काटने और आवासीय भूमि पर व्यवसायिक गतिविधियों की शिकायत की गई है। नगर-निगम, जीडीए सहित संपूर्ण समाधान दिवस में कई चक्कर लगा चुके हैं लेकिन समाधान नहीं मिला है। यह कहना था विजयनगर निवासी न्यू विजयनगर निवासी सर्वेश शर्मा का। शनिवार को समाधान दिवस में आए सर्वेश शर्मा की शिकायती पत्र पर आवश्यक कार्रवाई करें लिख कर समाधान कर दिया गया। उन्होंने बताया कि न्यू विजयनगर सेक्टर-9 में मनोज गर्ग के मकान की बाउंड्री के अंदर 10 पेड़ अशोक और अमरूद के लगे थे जिनको काट दिया गया था। यह जमीन सरकारी है। इसकी शिकायत जीडीए में की गई, नगर-निगम को की गई और वन विभाग को भी की गई लेकिन हर विभाग एक दूसरे के पाले में डाल रहा है। इस विषय पर लगभग 20 शिकायतें की जा चुकी हैं लेकिन अभी तक समाधान नहीं निकला।
शनिवार को आए समाधान दिवस में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे की अधिकतर शिकायतें रहीं। विजयनगर निवासी मनोज कुमार ने शिकायत की है कि लोनी के मवई गांव में खसरा संख्या-168 जिसका क्षेत्रफल 6200 है। खतौनी में गोहरा के नाम से यह दर्ज है। उनका आरोप है कि निगम की इस सरकारी जमीन पर राम अवतार शर्मा ने अवैध कब्जा कर उस पर भवन बनाकर किराये पर दे दिया है। इसकी जांच कराकर सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए। इसी प्रकार दीपक कुमार ने डासना में अरबों रुपये की सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत की है। उनका आरोप है कि कुएं की भूमि को अवैध रुप बेचा गया है।
25 से अधिक फ्लैट मालिक परेशान
इंदिरापुरम ज्ञानखंड के निवासी राजीव बत्रा सहित अन्य निवासी शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे। उन्होंने बताया कि इंदिरापुरम के ज्ञानखंड प्रथम में एक बिल्डर ने बहुमंजिला आवासीय भवन का निर्माण कराया था। बिल्डर ने इसके लिए रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड के पास भूखंड गिरवी रखकर लोन लिया था। बाद में ऑथम इन्वेस्टमेंट इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड ने लोन और मार्गेज कब्जे में ले लिया था। उस जमीन पर 25 फ्लैट खरीदारों ने लोन लेकर फ्लैट खरीद लिया था और वर्ष 2016 से निवास कर रहे हैं। अब अचानक ऑथम कंपनी की तरफ से पजेशन का नोटिस चस्पा कर दिया गया है जिससे वहां के निवासी परेशान हैं। उन्होंने बिल्डर के खिलाफ एफआईआर भी कराई है।
तीनों तहसीलों में आईं 189 शिकायतें मौके पर 13 का हुआ निस्तारण
गाजियाबाद की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तीनों तहसीलों में कुल 189 शिकायतें आईं जिसमें से 13 का मौके पर निस्तारण किया गया। सदर तहसील में सीडीओ अभिनव गोपाल की अध्यक्षता में सुनवाई हुई वहीं मोदीनगर में एसडीएम अजीत सिंह ने शिकायतें सुनी। लोनी तहसील में एसडीएम अजीत सिंह की अध्यक्षता में सुनवाई हुई।
सदर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस पर कुल 35 शिकायतें आईं जिसमें से मौके पर छह का निस्तारण किया गया। इस दौरान एडीएम सिटी विकास कश्यप, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं में 90 शिकायतें मिलीं जिसमें से मौके पर तीन शिकायतों का निस्तारण किया गया। लोनी तहसील में कुल 64 शिकायतें रहीं जिसमें से चार शिकायत का मौके पर निस्तारण हुआ

