• Wed. Sep 16th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

नोएडा: गांजा तस्कर से सांठगांठ के आरोप में सिपाही गिरफ्तार

महिला गांजा तस्कर से सांठगांठ के आरोप में गौतमबुद्ध नगर पुलिस के एक सिपाही को बर्खास्त कर दिया है। सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच कर आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर कार्रवाई की है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली सेक्टर-20 में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी सिपाही जिले की स्पेशल पुलिस टीम में तैनात था।पुलिस कमिश्नरेट की मीडिया सेल की तरफ से जानकारी दी गई कि बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दो वीडियो वायरल हुए, जिनमें सिपाही पुनीत का नाम सामने आया।

वीडियो में एक महिला दिखाई दे रही है, जिसे पुलिस गांजा तस्करी से जुड़ा सक्रिय सदस्य बता रही है। प्रारंभिक जांच में महिला की पहचान हेमा के रूप में हुई है, जो पहले भी गांजा तस्करी के मामलों में चर्चित रही है।पहले वायरल वीडियो में महिला एक बेड पर रखे गांजे के पैकेट दिखाते हुए किसी व्यक्ति से मोबाइल पर बातचीत करती नजर आती है। बातचीत के दौरान वह कथित तौर पर कहती है कि इस बार भेजा गया माल अच्छी गुणवत्ता का नहीं है और उसमें पहले जैसा नशा नहीं है। दूसरे वीडियो में वही महिला गांजे की नई खेप का ऑर्डर देती हुई दिखाई देती है। दोनों वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने तत्काल जांच के आदेश दिए।

शुरुआती जांच में सिपाही और महिला के बीच संदिग्ध संपर्क की बात सामने आने पर कार्रवाई की गई। अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि सिपाही पुनीत के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही विभागीय जांच के बाद तत्काल प्रभाव से उसे पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )