• Tue. Sep 15th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

ग्रेटर नोएडा: लेंसकार्ट के शोरूम में धार्मिक विवाद की बहस के बाद ग्राहक ने कर्मचारी को पीटा

ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 क्षेत्र में स्थित एक आईवियर शोरूम में मामूली बहस ने हिंसक रूप ले लिया। लेंसकार्ट के शोरूम में ग्राहक और कर्मचारी के बीच कथित धार्मिक विवाद को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। पूरी घटना शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और चर्चा का विषय बना हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, 23 अप्रैल की शाम शोरूम में कार्यरत कर्मचारी सूरज अपनी ड्यूटी पर मौजूद था। इसी दौरान एक ग्राहक दुकान पर पहुंचा और कंपनी को लेकर चल रही कथित धार्मिक अफवाहों का जिक्र करने लगा। इस मुद्दे पर कर्मचारी और ग्राहक के बीच बहस शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला बढ़ गया और ग्राहक ने गाली-गलौज करते हुए कर्मचारी पर हाथ उठा दिया। 

अचानक हुई इस घटना से शोरूम में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों और ग्राहकों ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों को अलग कराया और स्थिति को काबू में किया। हालांकि, मारपीट के बाद आरोपी ग्राहक मौके से फरार हो गया। घटना के दौरान शोरूम में मौजूद लोग भी सहम गए और कुछ समय तक कामकाज प्रभावित रहा।

पीड़ित कर्मचारी सूरज ने इस मामले में थाना बीटा-2 पुलिस से शिकायत की है। पुलिस के अनुसार घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )