Report By : ICN Network
अम्बेडकर जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश के एटा जनपद के कस्बा जलेसर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शोभायात्रा के दौरान दलित समाज के युवक अनिल को गोली मार दी गई, जिससे पूरे इलाके में तनाव फैल गया। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ की।
मिली जानकारी के अनुसार, जलेसर कस्बे में रहने वाले दबंग आरोपी दिनेश यादव ने आपसी कहासुनी के बाद दलित युवक अनिल को अवैध तमंचे से गोली मार दी। अनिल मेडिकल स्टोर पर काम करता है और फिलहाल उसे प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत में आगरा के हायर सेंटर रेफर किया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने आरोपी दिनेश यादव को अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। किसी भी अनहोनी को टालने के लिए जलेसर कस्बे में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ हालात पर नजर बनाए हुए है।
यह घटना अम्बेडकर जयंती जैसे सामाजिक समरसता के प्रतीक दिन पर घटी, जिससे दलित समाज में गहरा आक्रोश देखा गया है।

