• Wed. Oct 21st, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

गुरुग्राम: डिलीवरी बॉय को स्कॉर्पियो ने कुचला विरोध करने पर दोबारा रौंदा

गुरुग्राम के पुलिस चाैकी सेक्टर-93 के अंतर्गत हयातपुर गांव के पास रविवार की रात को सड़क किनारे खड़े डिलीवरी बॉय को स्कॉर्पियो गाड़ी के चालक ने कुचल दिया। इससे डिलीवरी बॉय गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके पास खड़े अन्य डिलीवरी बाॅय गाड़ी की टक्कर लगने से बच गए। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। 

स्कॉर्पियो गाड़ी द्वारा डिलीवरी बॉय को टक्कर मारने की सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल में पहुंचाया। हालांकि डिलीवरी बॉय के परिवार वाले उसे उपचार के लिए रेवाड़ी लेकर चले गए। पुलिस ने डिलीवरी बॉय को टक्कर मारने वाली काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी को जब्त कर लिया है।

डिलीवरी बॉय विक्रम ने पुलिस को बताया कि घटना के समय पांच-छह डिलीवरी बॉय मौजूद थे। वे रविवार की रात करीब 10:30 बजे सेक्टर-93 हयातपुर में पिकअप पॉइंट पर ऑर्डर के इंतजार में सड़क किनारे अपनी बाइकों के पास खड़े थे। इसी दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी तेज रफ्तार से आई और वहां मौजूद डिलीवरी बॉय को टक्कर मारती हुई आगे निकल गई। जब उन्होंने स्कॉर्पियो चालक द्वारा उनको टक्कर मारने का विरोध किया तो चालक गाड़ी को घुमाकर वापस लाया और जमीन पर गिरे राइडरों पर चढ़ा दी।

इस दौरान रेवाड़ी के रहने वाले डिलीवरी बॉय टिंकू पंवार स्कॉर्पियो गाड़ी के टायर के नीचे आ गया। जबकि अन्य डिलीवरी बॉय ने कूदकर अपनी जान बचाई। इसके बाद चालक स्कॉर्पियो गाड़ी को लेकर मौके से भाग गया। डिलीवरी बॉय ने घटना के बारे में डायल 112 पर कॉल करके पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी तो पुलिस मौके पर पहुंची।

स्कॉर्पियो गाड़ी की टक्कर से घायल टिंकू पवार को पास के अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने अनुसार टिंकू को सिर, छाती और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। सोमवार की सुबह तक स्कॉर्पियो गाड़ी के चालक पर कानूनी कार्रवाई न होने से नाराज काफी संख्या में डिलीवरी बॉय सेक्टर-93 पुलिस चौकी में पहुंच गए। 

सेक्टर-10 थाना के प्रभारी कुलदीप ने बताया कि स्कॉर्पियो गाड़ी को जब्त कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार करके आगामी कार्रवाई की जाएगी। 

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )