बढ़ती ट्रैफिक समस्याओं के समाधान के लिए डीडीआरडब्ल्यूए फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को डीसीपी ट्रैफिक अभय कुमार मिश्र से मुलाकात की। फेडरेशन के अध्यक्ष एनपी सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने शहर की प्रमुख यातायात समस्याओं और उनके समाधान से जुड़े सुझाव बताए। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि वाहनों की बढ़ती संख्या, अव्यवस्थित रोड इंजीनियरिंग, अनियोजित यू-टर्न, अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और ई-रिक्शा व ऑटो की अनियंत्रित आवाजाही के कारण जाम की समस्या बढ़ती जा रही है। सबसे अधिक परेशानी प्रमुख मेट्रो स्टेशनों, बाजारों और मुख्य चौराहों के आसपास होती है।
बैठक में सेक्टर-18, सेक्टर-51 और 52 मेट्रो स्टेशन, बॉटनिकल गार्डन, अट्टा मार्केट और सेक्टर-62 क्षेत्र में ई-रिक्शा और ऑटो की पार्किंग पर कार्रवाई की मांग की गई। इसके अलावा फेडरेशन ने सेक्टर-52 यू-टर्न, स्पेक्ट्रम मॉल, सेक्टर-37 चौराहा, महामाया फ्लाईओवर और एक्सप्रेसवे के प्रवेश मार्ग पर लगने वाले जाम का मुद्दा भी उठाया। प्रतिनिधिमंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि कई यू-टर्न और सड़क डिजाइन वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप नहीं हैं, जिससे दुर्घटनाओं और ट्रैफिक जाम की समस्या बढ़ रही है।
फेडरेशन ने सेक्टरों के भीतर कमर्शियल ई-रिक्शा संचालन, अवैध थ्री-व्हीलर स्टैंड, सड़कों पर खड़े कमर्शियल वाहनों और पार्किंग व्यवस्था के बिना संचालित बैंक्वेट हॉलों पर भी कार्रवाई की मांग की।साथ ही प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती का सुझाव दिया गया। बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव कुमार, उपाध्यक्ष अनिल सिंह, महिपाल सिंह, एसपी चौहान, आरसी गुप्ता, पीके सिंह, भ शुक्ला, ललित चौहान आदि मौजूद रहे
नोएडा: मेट्रो स्टेशन के बाहर पुलिसकर्मी तैनात करने की मांग

