गौतमबुद्ध नगर के नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में पब्लिक ट्रांसपोर्ट की समस्या को लेकर डीडी आरडब्ल्यूए फेडरेशन का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष ठाकुर एनपी सिंह के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से लखनऊ में मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल जिले में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था शुरू कराने की मांग को लेकर एक लिखित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि गौतमबुद्ध नगर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को दैनिक आवागमन में कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। एनपी सिंह ने जिले में जल्द से जल्द इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू किए जाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा है कि जिले में पब्लिक ट्रांसपोर्ट का ना होना गौतमबुद्व नगर की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक है।
उन्होंने कहा कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा जैसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन की कमी के कारण आम नागरिकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को परेशानी होती है। ऐसे में प्रभावी पब्लिक ट्रांसपोर्ट व्यवस्था की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। मुलाकात के दौरान परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने अपनी टीम को निर्देश देते हुए कहा कि गौतमबुद्ध नगर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट व्यवस्था जल्द शुरू की जानी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ज्ञापन सौंपने के बाद डीडी आरडब्ल्यूए फेडरेशन ने उम्मीद जताई कि जिले में शीघ्र ही सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को लेकर सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

