• Tue. Sep 15th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

ग्रेटर नोएडा: डंपर ने बाइक सवार अधिवक्ता को मारी टक्कर, मौके पर मौत, वकीलों का हंगामा

ByAnkshree

Dec 8, 2025

ग्रेटर नोएडा में सूरजपुर कोतवाली क्षेत्रांतर्गत भट्टा गोलचक्कर पर रविवार दोपहर डंपर ने बाइक सवार एक अधिवक्ता को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे अधिवक्ता की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनकी पत्नी घायल हो गईं। घायल पत्नी को प्राथमिकी उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। मामले में सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर हिरासत में लिया है। 

जानकारी के मुताबिक, अमित नागर (40) वैदपुरा गांव में रहते हैं। वह सूरजपुर स्थित जिला न्यायालय में अधिवक्ता थे। रविवार को पत्नी के साथ मुंह दिखाई कार्यक्रम में नया गांव गए थे। दोपहर को वहां से वापस लौटते रहे थे। भट्टा गोलचक्कर के वापस लौटते समय दोपहर करीब 2 बजे उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पत्नी बाइक से दूर गिरने के बाद घायल हो गई। हादसे की सूचना वहां मौजूद लोगों ने पुलिस के साथ परिजन को दी। घायल महिला को इलाज के लिए कैलाश अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिकी उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया। 

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने डंपर चालक को मौके से हिरासत में ले लिया है और वाहन को भी कब्जे में लेकर थाने भेजा है। परिजन का कहना है कि घटना के वक्त अधिवक्ता ने हेलमेट पहन रखा था लेकिन जोरदार टक्कर के कारण उनके गिरने के बाद सिर, हाथ, पैर आदि जगह गंभीर चोट आने से उनकी मृत्यु हुई है। वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि हादसे के संबंध में मृतक के परिजन से तहरीर लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
अमित पेशे से अधिवक्ता थे। वह जिला न्यायालय में सक्रिय रूप से वकालत कर रहे थे। उनके अचानक निधन की खबर से अधिवक्ता समुदाय में आक्रोश है। साथी वकीलों ने हादसे के लिए भारी वाहनों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है। अमित अपने पीछे दो नाबालिग बेटे छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लोगों ने पुलिस से भट्टा गोलचक्कर पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )